विशेष अभियान में कार्रवाई का बड़ा असर, पुलिस कार्रवाई के दौरान साइबर ठग, नशा तस्कर और हथियार तस्करों पर शिकंजा
अलवर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत अलवर पुलिस ने बीते 15 दिनों में साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि 20 जुलाई से 4 अगस्त 2026 तक चलाए गए अभियान में साइबर अपराध के 33 प्रकरण दर्ज कर 39 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
191 साइबर हॉटस्पॉट में से 177 पर छापेमारी
पुलिस ने जिले में चिन्हित 191 साइबर हॉटस्पॉट में से 177 स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान साइबर ठगी से जुड़ी ₹37,67,051 की राशि होल्ड कराई गई, जबकि ₹6,55,673 की राशि परिवादियों को वापस दिलाई गई।
एसपी ने कहा कि साइबर अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
एनडीपीएस अभियान में 33.583 किलो गांजा जब्त
मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए गए अभियान में एनडीपीएस अधिनियम के तहत 12 प्रकरण दर्ज कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 33.583 किलोग्राम गांजा बरामद किया।
इस दौरान थाना टहला पुलिस की कार्रवाई सबसे बड़ी रही, जहां 30 किलो 740 ग्राम गांजा बरामद किया गया तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया।
अवैध हथियारों पर भी चला पुलिस का शिकंजा
अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए अभियान में 13 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने 13 अवैध आग्नेयास्त्र और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए।
एसपी सुधीर चौधरी ने कहा कि जिले में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। साइबर ठगी, नशे के कारोबार और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


