चातुर्मास अवधि में प्रोटोकॉल के अनुरूप मिलेगी सभी राजकीय सुविधाएं
मिशनसच न्यूज, भीलवाड़ा। राजस्थान सरकार ने भीलवाड़ा में चातुर्मास कर रहे राष्ट्रसंत मनोज्ञाचार्य श्री 108 पुलकसागरजी महाराज को राजकीय अतिथि (स्टेट गेस्ट) घोषित किया है। यह निर्णय श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मैन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा आयोजित चातुर्मास कार्यक्रम के दौरान लिया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग (प्रोटोकॉल) के उप सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार भीलवाड़ा के जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि चातुर्मास अवधि में आचार्य पुलकसागर महाराज के लिए राजकीय अतिथि के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
आदेश के अनुसार आचार्यश्री के आगमन एवं प्रस्थान के दौरान प्रोटोकॉल अधिकारी नियुक्त रहेगा तथा उनके प्रवास एवं यात्रा मार्ग पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था भी राज्य सरकार के प्रोटोकॉल के अनुसार उपलब्ध कराई जाएगी।
श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी एवं संयोजक मनीष शाह ने आचार्य पुलकसागर महाराज को राजकीय अतिथि का दर्जा प्रदान किए जाने पर राजस्थान सरकार तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल आचार्यश्री के आध्यात्मिक एवं सामाजिक योगदान का सम्मान है, बल्कि भीलवाड़ा में आयोजित चातुर्मास महोत्सव के लिए भी गौरव का विषय है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


