More
    Homeराजस्थानअलवरजिनवाणी के श्रवण से मिलेगा आत्मकल्याण का मार्ग, आचार्य पुलकसागर महाराज का...

    जिनवाणी के श्रवण से मिलेगा आत्मकल्याण का मार्ग, आचार्य पुलकसागर महाराज का संदेश

    ज्ञान गंगा महोत्सव में जिनवाणी के माध्यम से श्रद्धालुओं को मिलेगा आध्यात्मिक ज्ञान

    भीलवाड़ा। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मैन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से आयोजित चातुर्मास के दौरान राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागर महाराज ससंघ के सानिध्य में सूर्यमहल में धर्म साधना निरंतर जारी है। गुरुवार को आचार्य पुलकसागर महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि सच्चे मन से जिनवाणी का श्रवण करने वाला व्यक्ति जीवन के परम लक्ष्य की प्राप्ति कर सकता है।

    उन्होंने कहा कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ और अनमोल है। इसलिए इसे व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए, बल्कि आत्मकल्याण के लिए पुरुषार्थ करते हुए सिद्धत्व की प्राप्ति को जीवन का लक्ष्य बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में कषाय कम होने से भावों में विशुद्धि आती है और यही विशुद्धि व्यक्ति के चरित्र को ऊंचाई प्रदान करती है।

    आचार्य श्री ने कहा कि भगवान महावीर की वीतराग वाणी के प्रभाव से अनेक भव्य जीवों ने भगवान बनने का मार्ग प्राप्त किया है। जिनवाणी के रूप में भगवान की देशना सुनने के बाद प्रत्येक व्यक्ति के मन में भी आत्मकल्याण और आध्यात्मिक उन्नति की भावना जागृत होनी चाहिए।

    उन्होंने कहा कि सांसारिक साधन कषायों को बढ़ाने का कार्य करते हैं, जबकि भावों की शुद्धि व्यक्ति को आत्मिक शांति और संतों के प्रति श्रद्धा प्रदान करती है। मन को कषायों से मुक्त कर ही व्यक्ति अपने भीतर छिपे दिव्य गुणों को जागृत कर सकता है।

    आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि वाणी में मधुरता और व्यवहार में समरसता अपनाने से जीवन में संतुलन आता है, जबकि असत्य, माया और अभिमान व्यक्ति को पतन की ओर ले जाते हैं।

    चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, पाद प्रक्षालन और शास्त्र भेंट के साथ हुई। इस अवसर पर बालचंद, सत्यप्रकाश और लक्ष्य ठोला परिवार को विशेष सौभाग्य प्राप्त हुआ।

    समिति के संयोजक मनीष शाह ने बताया कि 14 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से 10 बजे तक प्रवचन और शाम 7 बजे से 8 बजे तक आनंद यात्रा एवं आरती का आयोजन किया जाएगा।

    समिति के सह-संयोजक लोकेश अजमेरा ने बताया कि 15 से 30 अगस्त तक चित्रकूटधाम में सर्व समाज के लिए “ज्ञान गंगा महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव में देशभर से हजारों श्रद्धालु शामिल होकर आचार्य श्री के प्रवचनों का लाभ उठाएंगे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here