मंदिर की कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में पदाधिकारियों का हुआ सम्मान, योगेश चंद जैन बने अध्यक्ष
अलवर। अपनाघर शालीमार स्थित भगवान वासुपूज्य दिगंबर जैन मंदिर की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने शपथ ग्रहण करते हुए मंदिर की धार्मिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने, समाज में एकजुटता बनाए रखने तथा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

मंदिर के निवर्तमान मंत्री मुकेश कुमार जैन एवं नवीन मंत्री सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि नवीन कार्यकारिणी में योगेश चंद जैन को अध्यक्ष, मुकेश कुमार जैन को उपाध्यक्ष, सुरेंद्र कुमार जैन को मंत्री तथा राजीव जैन को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं मयंक जैन को सहमंत्री, धीरेंद्र कुमार जैन को पूजन प्रभारी, मगन चंद जैन को भंडारी तथा कैलाश चंद जैन को सह भंडारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा मनोज जैन को संत भवन संयोजक नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नितिन जैन, पुनीत जैन, दीपक जैन, अंशुल जैन, विनीत जैन, मनीष जैन एवं प्रांशु जैन ने भी शपथ ग्रहण की।
नवीन कार्यकारिणी को दी शुभकामनाएं
शपथ ग्रहण समारोह में समाज अध्यक्ष मुकेश जैन, प्रवीण जैन गोधा, पार्श्व कुमार जैन, राजेंद्र कुमार जैन वकील साहब, योगेश चंद जैन पालावत, आदिनाथ जैन शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष अशोक जैन अगोनिज, ओसवाल जैन शिक्षण संस्थान के अध्यक्ष अशोक पालावत, सीए सुशील जैन सहित विभिन्न मंडलों एवं संस्थाओं से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अतिथियों ने नवीन कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मंदिर की धार्मिक गतिविधियों के साथ-साथ समाजहित से जुड़े कार्यों को भी निरंतर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने नवीन टीम से धर्म प्रभावना, सामाजिक समरसता और सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
संरक्षक पद पर अजय और पारस जैन नियुक्त
मंदिर के नवनियुक्त अध्यक्ष योगेश चंद जैन ने कार्यकारिणी के साथ-साथ संरक्षक पद पर अजय कुमार जैन एवं पारस जैन को नियुक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सहयोग से मंदिर की धार्मिक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों को धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
समारोह के दौरान उपस्थित समाजबंधुओं ने नवीन कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

