More
    Homeदेशशाही मस्जिद ईदगाह पर जलाभिषेक के एलान से मथुरा में हाई अलर्ट

    शाही मस्जिद ईदगाह पर जलाभिषेक के एलान से मथुरा में हाई अलर्ट

    मथुरा: श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन के नाम पर 9 अगस्त को कारसेवा के पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मथुरा पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर आ गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने और सांप्रदायिक सौहार्द को बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने कथावाचक ठाकुर देवकीनंदन, साध्वी ऋतंभरा और स्वामी सच्चिदानंद महाराज सहित 12 प्रमुख संतों व धर्माचार्यों को रेड कार्ड नोटिस जारी किया है।

    सोशल मीडिया पोस्ट से मचा हड़कंप

    राधाकुंड स्थित श्रीचित्रगुप्त पीठ के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद का एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें 9 अगस्त को कारसेवा का आह्वान करते हुए "खाली करो कृष्ण जन्मभूमि हमारी" जैसे संदेश लिखे थे। इस संदेश के तेजी से फैलने और भरतपुर से पत्थर तराशने के लिए खेप मंगाने की बात सामने आते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया सेल को तुरंत सक्रिय कर दिया गया।

    रेड कार्ड के जरिए सख्त चेतावनी

    मथुरा पुलिस ने नोटिस जारी कर स्पष्ट किया कि धार्मिक भावनाओं की आड़ में समाज में तनाव फैलाने वाली गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रेड कार्ड नोटिस के माध्यम से संतों और आयोजकों को निर्देशित किया गया है कि वे श्रीकृष्ण जन्मस्थान और उसके आसपास ऐसी किसी भी गतिविधि से पूरी तरह दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

    फ्लैग मार्च और सुरक्षाबलों की तैनाती के बाद कार्यक्रम स्थगित

    इसी बीच राष्ट्रीय हनुमान दल द्वारा शाही मस्जिद ईदगाह पर जलाभिषेक करने के एलान के बाद प्रशासन ने सुरक्षा घेरा और मजबूत कर दिया। बाहरी जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। अधिकारियों द्वारा लगातार की गई वार्ता और कानून-व्यवस्था के हवाले के बाद संगठन ने इस कार्यक्रम को सावन माह के बाद करने का निर्णय लेते हुए फिलहाल स्थगित कर दिया है, जिससे पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here