More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशरनवे पर खड़ा रहा विमान, टेकऑफ से पहले सामने आई तकनीकी खराबी;...

    रनवे पर खड़ा रहा विमान, टेकऑफ से पहले सामने आई तकनीकी खराबी; नकुलनाथ का दौरा टला

    भोपाल: मध्य प्रदेश के दतिया में कांग्रेस को मिली बड़ी जीत के बाद आज राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पीएसी (PAC) की एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत करीब 25 सदस्यों को आमंत्रित किया गया था। हालांकि, बैठक से ठीक पहले छिंदवाड़ा से एक बड़ी खबर सामने आई, जहां तकनीकी खराबी के चलते पूर्व सांसद नकुलनाथ भोपाल नहीं पहुंच पाए।

    छिंदवाड़ा एयरस्ट्रिप पर टला बड़ा हादसा

    जीतू पटवारी के प्रदेश अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह पहला मौका था जब पीएसी सदस्य नकुलनाथ के इस बैठक में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही थी। मंगलवार सुबह छिंदवाड़ा एयरस्ट्रिप पर उस वक्त एक बड़ा हादसा टल गया जब भोपाल जाने के लिए तैयार पूर्व सांसद नकुलनाथ के विमान का इंजन अचानक फेल हो गया। राहत की बात यह रही कि इस विमान में नकुलनाथ के साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी भी सवार थे।

    जैसे ही विमान के रनवे पर खड़े होने के दौरान इंजन में तकनीकी खराबी और फेल होने की बात समझ आई, पायलट ने अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत विमान को रोका और दोनों वरिष्ठ नेताओं व अन्य स्टाफ को सुरक्षित नीचे उतार लिया। इस अप्रत्याशित तकनीकी बाधा के कारण दोनों नेता समय पर भोपाल की बैठक में शामिल नहीं हो सके।

    सोशल मीडिया के जरिए नकुलनाथ ने दी जानकारी

    पूर्व सांसद नकुलनाथ ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा कर बैठक में अनुपस्थित रहने की वजह बताई। उन्होंने लिखा, ‘प्रिय साथियों, विमान में तकनीकी खराबी के कारण मेरा भोपाल दौरा रद्द हो गया है, जिसके लिए मैं आप सभी से हृदय से क्षमा चाहता हूँ। मेरी बहुत इच्छा थी कि इस अवसर पर भोपाल में आप सभी के बीच उपस्थित रहूँ, लेकिन परिस्थितिवश यह संभव नहीं हो सका। मेरा वादा है कि बहुत जल्द आपके बीच आकर संगठन के विषयों पर विस्तार से संवाद करूँगा। आपके स्नेह और विश्वास के लिए आभार।’

    कई वरिष्ठ चेहरे रहे नदारद

    कांग्रेस की यह पीएसी बैठक राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही थी, लेकिन कई दिग्गज नेता इसमें शामिल नहीं हो सके। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह वर्तमान में विदेश यात्रा पर होने के कारण बैठक में उपस्थित नहीं हो पाए, वहीं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते इस बैठक का हिस्सा नहीं बन सके।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here