भोपाल। राजधानी भोपाल में शुक्रवार को देशभक्ति का एक अद्भुत और भव्य नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत 'कर्मश्री' संस्था द्वारा आयोजित विशाल तिरंगा यात्रा ने शहर को तिरंगे के रंग में रंग दिया। हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा की अगुवाई में निकली इस ऐतिहासिक यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत हजारों की संख्या में आमजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यात्रा की शुरुआत सुबह 10 बजे कोलार सिक्स लेन स्थित मदर टेरेसा स्कूल के सामने से हुई, जो करीब 32 किलोमीटर का विशाल मार्ग तय करते हुए संत नगर के भैंसाखेड़ी मंडी क्षेत्र तक पहुंची।
एक लाख से अधिक जनसैलाब और 50 हजार वाहन
आयोजन समिति के अनुसार, इस विशाल तिरंगा यात्रा में एक लाख से अधिक नागरिकों का जनसैलाब उमड़ा। यात्रा में शामिल होने के लिए करीब 50 हजार दोपहिया और चार पहिया वाहनों का विशेष पंजीकरण किया गया था। हाथों में राष्ट्रध्वज थामे युवाओं, महिलाओं, भाजपा जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं के देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गुंजायमान रहा।
1100 से अधिक मंचों पर भव्य स्वागत और चाक-चौबंद सुरक्षा
32 किलोमीटर लंबे इस यात्रा मार्ग पर सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों द्वारा 1100 से अधिक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विधायक रामेश्वर शर्मा ने पूर्व में ही कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के साथ पूरे रूट का निरीक्षण किया था। सुरक्षा, पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा संभावित बारिश से बचाव के लिए प्रशासन द्वारा पुख्ता इंतजाम किए गए।
सेल्फी पॉइंट के जरिए 'नशा मुक्त युवा' का दिया संदेश
इस वर्ष की तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के साथ-साथ सामाजिक जन-जागरूकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया। चुना भट्टी चौराहे सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर विशेष सेल्फी पॉइंट स्थापित किए गए, जिन पर ‘Gen-Z Against Addiction’ और ‘नशा मुक्त युवा’ जैसे प्रेरणादायी संदेश प्रदर्शित किए गए। विधायक रामेश्वर शर्मा ने युवाओं और छात्र-छात्राओं के साथ सेल्फी लेकर नई पीढ़ी से नशे की लत से दूर रहने की भावुक अपील की।


