शहीदी दिवस पर कांग्रेस ने दीपदान कर शहीदों को किया नमन, संविधान और सामाजिक समानता की रक्षा का लिया संकल्प
खैरथल। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में हुई जनसभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कथित तौर पर सभा स्थल पर शुद्धिकरण यज्ञ किए जाने के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा ने सत्याग्रह एवं पैदल मार्च किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में अम्बेडकर सर्किल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे और भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता तथा धर्म के नाम पर राजनीति के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
सत्याग्रह को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति में आज भी जाति और धर्म के आधार पर भेदभाव की मानसिकता दिखाई देती है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे वरिष्ठ नेता की जनसभा के बाद सभा स्थल का शुद्धिकरण यज्ञ किया जाना केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि वह किस आधार पर किसी व्यक्ति अथवा उसके विचारों को अशुद्ध मानती है। भारत का संविधान छुआछूत, जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता को समाप्त करने की बात करता है। ऐसे में इस प्रकार का कृत्य समाज को बांटने वाली सोच को उजागर करता है।
बलराम यादव ने कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान के बताए रास्ते पर चलते हुए सामाजिक न्याय, समानता और भाईचारे की लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेंगे।
सत्याग्रह के बाद बलराम यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर सर्किल से पैदल मार्च निकाला। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सामाजिक समानता और संविधान की रक्षा का संदेश दिया।
बलराम यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि भाजपा की कथित विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ कांग्रेस की वैचारिक लड़ाई का हिस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच भाजपा की कथित जनविरोधी एवं विभाजनकारी नीतियों को उजागर करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के क्रम में शहीदी दिवस के अवसर पर भगत सिंह सर्किल पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
बलराम यादव ने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीदों ने जो बलिदान दिया, उसी की बदौलत आज देशवासी स्वतंत्र भारत में लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं। शहीदों के सपनों का भारत वही होगा, जहां जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान मिले।
कार्यक्रम में जिला सह प्रभारी पुष्पेंद्र धाबाई, पूर्व प्रधान बिजेंद्र चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश हेडाऊ, नेता प्रतिपक्ष विक्की चौधरी, ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव जसवंत यादव, यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय संयोजक पवन खटाना, जिला सचिव उस्मान खान, तिजारा उप प्रधान दयाराम चावड़ा, विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुकेश सैनी, किसान विधि प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष राम अवतार चौधरी, पार्षद नारायण छंगाणी, पूर्व जिला सचिव दौलत नागर, पार्षद मनोज बुराडिया, जिला सचिव फतेह मोहम्मद, अंकित चौधरी, रामचंद्र, कॉमरेड मेहरदीन, संजय गुर्जर, स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, यूथ कांग्रेस प्रदेश सचिव रामनिवास प्रजापत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


