गुरुग्राम से जैन मंदिर दर्शन करने आई महिला बनी निशाना, डेढ़ माह में कई वारदातों से श्रद्धालुओं में बढ़ी दहशत
तिजारा। तिजारा के प्रसिद्ध जैन मंदिर में दर्शन करने आई गुरुग्राम निवासी महिला श्रद्धालु के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात हो गई। मंदिर के मुख्य गेट के सामने पीछे से बाइक पर आए बदमाश महिला के गले से चेन झपटकर फरार हो गए। वारदात के बाद बदमाश बाइक से हनुमान बगीची की ओर भाग निकले।
घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में लगातार हो रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं को लेकर चिंता और रोष देखा जा रहा है।
7 से 8 लाख रुपये बताई जा रही चेन की कीमत
जैन मंदिर के अध्यक्ष मुकेश जैन ने बताया कि गुरुग्राम से महिला श्रद्धालु तिजारा जैन मंदिर में दर्शन करने आई थीं। इसी दौरान मंदिर के मुख्य गेट के सामने पीछे से बाइक पर आए बदमाश महिला के गले से चेन झपटकर फरार हो गए।
मुकेश जैन के अनुसार झपटी गई चेन की कीमत करीब 7 से 8 लाख रुपये बताई जा रही है। बदमाश जिस बाइक पर सवार थे, उस पर नंबर प्लेट लगी हुई थी, लेकिन नंबर प्लेट पर कोई नंबर अंकित नहीं था।
15 दिन पहले भी हुई थी चेन स्नेचिंग
मंदिर अध्यक्ष के अनुसार मंदिर क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की यह पहली घटना नहीं है। करीब 15 दिन पहले भी चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई थी। इसके अलावा करीब डेढ़ माह पहले भी इसी तरह की घटना हुई थी।
लगातार हो रही घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक रहती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। लोगों का आरोप है कि पूर्व में हुई घटनाओं में प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों के हौसले बढ़ रहे हैं।
CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश
घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
लगातार सामने आ रही चेन स्नेचिंग की घटनाओं से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मंदिर क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध बाइक सवारों की जांच करने और चेन स्नेचिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

