निर्वाण लड्डू अर्पित कर की जिनेंद्र भक्ति, शोभायात्रा के साथ नवीन भवन का हुआ लोकार्पण
जयपुर। गायत्री नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ जी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:15 बजे प्रथम अभिषेक एवं शांतिधारा के साथ हुआ। सोधर्म इंद्र बनने और प्रथम अभिषेक व शांतिधारा का सौभाग्य अशोक-मनीष बड़जात्या परिवार को प्राप्त हुआ। इसके बाद भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ मनाया गया।
निर्वाण लड्डू अर्पित कर मनाया मोक्ष कल्याणक
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने बताया कि गायत्री नगर में प्रत्येक तीर्थंकर का मोक्ष कल्याणक श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाता है। इसी परंपरा के तहत भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक पर सोधर्म इंद्र परिवार की ओर से सामूहिक रूप से निर्वाण लड्डू अर्पित किया गया।
निर्वाण लड्डू अर्पण के दौरान मंदिर परिसर भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में समाज के पुरुष, महिलाएं और श्रेष्ठिजन धार्मिक आयोजन में शामिल हुए और भगवान की आराधना की।
विधान, आरती और भक्तामर पाठ में शामिल हुए श्रद्धालु
युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि निर्वाण लड्डू के बाद उपस्थित समाजजनों ने सामूहिक आरती की। इस अवसर पर कल्याण मंदिर स्तोत्र विधान का भी आयोजन किया गया, जिसमें उपवास करने वाली बच्चियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सायंकाल आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों ने सामूहिक आरती, स्वाध्याय और 48 दिवसीय भक्तामर पाठ में भाग लिया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ धार्मिक आयोजन का वातावरण और अधिक भक्तिमय हो गया।
पूर्व मंदिर प्रबंध समितियों के अध्यक्षों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सोधर्म इंद्र बनने वाले परिवार का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। इसके साथ ही वर्ष 1999 से अब तक मंदिर प्रबंध समितियों के अध्यक्षों का सम्मान भी किया गया।
समस्त मांगलिक क्रियाएं विधानाचार्य पं. अजीत जी शास्त्री के निर्देशन में संपन्न कराई गईं।
उदयभान जैन का जन्मदिन पर किया अभिनंदन
मंदिर प्रबंध समिति की ओर से युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन बड़जात्या के जन्मदिन पर उनके उल्लेखनीय कार्यों की सराहना करते हुए विशेष अभिनंदन किया गया। उन्हें तिलक, माला, दुपट्टा और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
बैंड-बाजों के साथ निकली शोभायात्रा, नवीन भवन का लोकार्पण
धार्मिक कार्यक्रम के बाद पूर्व एवं वर्तमान मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों और समाज के गणमान्य लोगों के साथ बैंड-बाजों की धुन पर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मंदिर के समीप नवनिर्मित/नवीन क्रय किए गए भवन तक पहुंची, जहां भवन का विधिवत लोकार्पण किया गया।
मोक्ष कल्याणक महोत्सव में उपाध्यक्ष विजय सोगानी, वरिष्ठ एडवोकेट विमल जैन, पूर्व अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा, मंत्री राजेश बोहरा, संयुक्त मंत्री संजय ठोलिया, कोषाध्यक्ष राकेश छाबड़ा, सारसमल पदम झांझरी, राकेश पाटोदी, बसंत बाकलीवाल, संतोष गंगवाल, उदयभान जैन, अनिल टोंग्या, राजेंद्र सोगानी, दीपेश छावड़ा, संतोष वांसकोवाले, अशोक रावका, अशोक मालपुरा वाले, निर्मल अनिल गदिया, धूपचंद जी शाह सहित बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
सभी श्रद्धालुओं ने निर्वाण लड्डू अर्पित कर भगवान पार्श्वनाथ की आराधना की और शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में सभा का संचालन करते हुए मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने सभी उपस्थित श्रद्धालुओं, पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


