धमतरी: धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में फर्जी कागजात के आधार पर करीब 40 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने एक मृत व्यक्ति के नाम दर्ज लगभग साढ़े चार एकड़ कृषि भूमि को अपना बताकर बेचने की कोशिश की और इसके लिए जाली ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड और बैंक से जुड़े कागजात तैयार किए।
40 लाख रुपये हड़पने का आरोप
गोबरा नवापारा निवासी सचिन बगानी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम सांगा स्थित दिवंगत विष्णु प्रसाद साहू की 4.5 एकड़ जमीन को आरोपी ठाकुर राम साहू ने अपनी बताकर बेचने का सौदा किया। इस प्रक्रिया में पीड़ित से नकद और चेक के जरिए कुल 40 लाख रुपये ले लिए गए।
जांच में हुआ फर्जीवाड़े का पर्दाफाश
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पड़ताल के दौरान मृतक के बैंक खातों, आवेदन फॉर्मों और वित्तीय विवरणों को खंगाला गया। पूछताछ और दस्तावेजों की पड़ताल में सामने आया कि मुख्य आरोपी ठाकुर राम साहू ने अपने सहयोगी जितेंद्र साहू के साथ मिलकर मृतक के नाम से फर्जी ऋण पुस्तिका, आधार कार्ड और बैंक खाते तैयार करवाए थे।
फर्जी दस्तावेज व सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर जाली ऋण पुस्तिका, फर्जी आधार कार्ड, एक एटीएम कार्ड, तीन चेक, दो रबर सील, लिखावट वाली डायरी और 5,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी के हस्ताक्षर और लिखावट के नमूने लेकर जांच के लिए विशेषज्ञ प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
मामले में पुलिस ने 20 अगस्त को ठाकुर राम साहू (37 वर्ष, निवासी ग्राम सांगा, धमतरी) और जितेंद्र साहू (38 वर्ष, निवासी ग्राम पोखरा, गरियाबंद) को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस की चेतावनी व अपील
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अचल संपत्ति की खरीद-बिक्री से पहले सरकारी दस्तावेजों और वास्तविक मालिकाना हक की गहन जांच जरूर करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


