More
    Homeराजस्थानअलवरनिकाय चुनाव में कांग्रेस का बड़ा दांव: 75% टिकट युवाओं को, जितेंद्र...

    निकाय चुनाव में कांग्रेस का बड़ा दांव: 75% टिकट युवाओं को, जितेंद्र सिंह बोले- भाजपा को मिलेगी करारी हार

    निकाय चुनाव में एक परिवार से एक टिकट का फॉर्मूला, जितेंद्र सिंह ने पुराने कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने का किया ऐलान

    अलवर। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी रणनीति का खाका सामने रखना शुरू कर दिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी निकाय चुनाव में करीब 75 प्रतिशत टिकट युवाओं को देने की दिशा में आगे बढ़ेगी। साथ ही एक परिवार से केवल एक सदस्य को टिकट देने की नीति पर भी पार्टी काम करेगी।

    जितेंद्र सिंह ने कहा कि टिकट वितरण में ऐसे कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जो लंबे समय से कांग्रेस के साथ जुड़े हुए हैं और पार्टी की विचारधारा में विश्वास रखते हैं। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है और संगठन स्तर पर तैयारियां लगातार जारी हैं।

    निकाय चुनाव में युवाओं पर कांग्रेस का भरोसा

    जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस निकाय चुनाव में युवाओं को बड़ी जिम्मेदारी देने के पक्ष में है। करीब 75 प्रतिशत टिकट युवाओं को दिए जाने से पार्टी में नए चेहरों को आगे आने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में केवल चुनावी समीकरण ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा और लंबे समय से पार्टी के लिए किए गए कार्यों को भी महत्व दिया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि क परिवार से एक ही सदस्य को टिकट देने की नीति पर भी पार्टी आगे बढ़ेगी। इससे अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को चुनाव लड़ने का अवसर मिलने की बात कही गई।

    भाजपा को करारी हार का दावा

    कांग्रेस नेता ने आगामी नगर निकाय चुनाव में भाजपा को करारी हार मिलने का दावा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तरह उत्साहित हैं और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी।

    जितेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार के करीब ढाई वर्ष के कार्यकाल पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास के नाम पर कोई प्रभावी काम नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ सहित नए जिलों में भी कांग्रेस संगठन को मजबूत करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी।

    टीकाराम जूली ने अलवर के विकास को लेकर सरकार पर साधा निशाना

    नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी अलवर में विकास कार्यों को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अलवर में दो-दो मंत्री होने के बावजूद आम जनता के काम नहीं हो पा रहे हैं।

    जूली ने कहा कि वर्ष 2009 से 2014 के कार्यकाल में जितेंद्र सिंह अकेले केंद्रीय मंत्री रहते हुए अलवर के लिए कई बड़ी सौगातें लेकर आए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की कार्यशैली से आमजन परेशान है।

    सरस डेयरी के ऋण को लेकर भी उठाए सवाल

    टीकाराम जूली ने सरस डेयरी प्लांट के लिए लिए गए करीब 200 करोड़ रुपये के ऋण को लेकर भी सरकार से सवाल किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने समय पर आवश्यक राशि स्वीकृत नहीं की तो इसका असर किसानों और डेयरी व्यवस्था पर पड़ सकता है।

    जूली ने सरस डेयरी और नगर निगम में भ्रष्टाचार के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की कथित नाकामियों को जनता के सामने रखेगी।

    कांग्रेस नेताओं के बयानों से स्पष्ट है कि आगामी नगर निकाय चुनाव में पार्टी युवा चेहरों, स्थानीय मुद्दों और संगठन की मजबूती को अपनी चुनावी रणनीति का प्रमुख आधार बनाने की तैयारी में है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here