More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशसागर पुलिस एवं एसडीआरएफ ने गदेरी नदी में फंसे 9 लोगों को...

    सागर पुलिस एवं एसडीआरएफ ने गदेरी नदी में फंसे 9 लोगों को साहसिक रेस्क्यू कर सुरक्षित बचाया

    भोपाल : सागर जिले के आबचंद गुफा क्षेत्र में गदेरी नदी के तेज बहाव एवं चारों ओर से पानी से घिरे 9 लोगों को सागर पुलिस, एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की संयुक्त टीम ने अदम्य साहस, त्वरित निर्णय क्षमता और उत्कृष्ट समन्वय का परिचय देते हुए सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में किए गए इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस टीम ने घने जंगल एवं दुर्गम रास्ते से लगभग 4 किलोमीटर पैदल पहुंचकर रेस्क्यू स्थल तक पहुंच बनाई, वहीं एसडीआरएफ जवानों ने तेज बहाव के बीच नदी में उतरकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

    22 अगस्त को डायल-112 एवं पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि आबचंद गुफा क्षेत्र में गदेरी नदी के तेज बहाव के कारण 9 लोग नदी के बीच पानी से घिर गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सागर पुलिस द्वारा तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक सागर द्वारा पूरे घटनाक्रम की लगातार मॉनिटरिंग करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं विभागों से समन्वय स्थापित किया गया तथा आवश्यक संसाधनों को तत्काल मौके पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

    आबचंद गुफा की ओर से रेस्क्यू स्थल तक पहुंचना अत्यंत कठिन एवं जोखिमपूर्ण था। परिस्थितियों का आकलन करते हुए पुलिस अधिकारियों द्वारा तत्काल वैकल्पिक मार्ग से आबचंद गांव की ओर से रेस्क्यू स्थल तक पहुंचने की रणनीति बनाई गई। पुलिस एवं एसडीआरएफ की टीम घने जंगल, अंधेरे एवं अत्यंत दुर्गम रास्ते से लगभग 4 किलोमीटर पैदल आगे बढ़ी। रास्ते में जंगली जानवरों का खतरा और कठिन भौगोलिक परिस्थितियां होने के बावजूद टीम ने बिना समय गंवाए आगे बढ़ना जारी रखा। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता, जीपीएस नेविगेशन एवं सर्चलाइट की मदद से टीम ने रेस्क्यू स्थल तक पहुंच बनाई।

     तेज बहाव के बीच एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा

    रेस्क्यू स्थल पर पहुंचने के बाद स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी। नदी का बहाव तेज था तथा पानी से चारों ओर घिरे लोगों तक पहुंचना जोखिमपूर्ण था। ऐसे में होमगार्ड एवं एसडीआरएफ टीम ने विशेष रेस्क्यू कौशल एवं साहस का परिचय देते हुए कार्रवाई प्रारंभ की।

    एसडीआरएफ जवानों ने अत्यंत सावधानी के साथ तेज बहाव के बीच पहुंचकर नदी में फंसे सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड एवं स्थानीय ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति की निगरानी की गई। पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा भी रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान विभिन्न टीमों के बीच आवश्यक सूचनाओं एवं संसाधनों का समन्वय सुनिश्चित किया गया, जिससे रेस्क्यू अभियान को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सका।

    सागर पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड एवं स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से नदी में फंसे सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। सभी के स्वस्थ पाए जाने के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

    आपदा की घड़ी में पुलिस की संवेदनशील एवं मानवीय भूमिका

    इस साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन ने एक बार फिर साबित किया कि आपदा एवं संकट की परिस्थितियों में मध्यप्रदेश पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नागरिकों के जीवन की सुरक्षा के लिए भी पूरी तत्परता से कार्य करती है।

    सागर पुलिस, एसडीआरएफ एवं होमगार्ड की टीमों ने विषम परिस्थितियों में साहस, धैर्य, त्वरित निर्णय क्षमता एवं उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय देते पूरी टीम ने कर्तव्यनिष्ठा एवं मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here