मुंबई। बीजेपी नेत्री और पूर्व सांसद नवनीत राणा ने एक साक्षात्कार में युवाओं के रुझान, सांस्कृतिक परंपराओं और सियासी विरोधियों पर खुलकर अपनी राय रखी। उन्होंने जहां एक ओर प्रदेश की युवा पीढ़ी (जेन-जी) को भाजपा का मजबूत आधार बताया, वहीं उद्धव ठाकरे, असदुद्दीन ओवैसी और रेवंत रेड्डी पर कड़े राजनीतिक हमले बोले।
जेन-जी और युवा शक्ति पूरी तरह भाजपा के साथ
नवनीत राणा ने कहा कि देश और प्रदेश का युवा वर्ग मजबूती से भारतीय जनता पार्टी के साथ खड़ा है। सायन में आयोजित दही हांडी कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में उत्सवों की एक समृद्ध परंपरा रही है। राज्य सरकार द्वारा गोविंदा पथकों से जुड़े युवाओं को सरकारी नौकरियों में अवसर देने और दही हांडी को खेल का दर्जा देने जैसे कदमों ने युवाओं का विश्वास जीता है।
हनुमान चालीसा विवाद पर उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना
पूर्व सांसद ने उद्धव ठाकरे के आवास 'मातोश्री' का संदर्भ देते हुए कहा कि अब राज्य में ऐसा माहौल नहीं है जहां हनुमान चालीसा का पाठ करने पर किसी को 14 दिनों तक जेल में रहना पड़े। उन्होंने आह्वान किया कि हर गली और घर तक हनुमान चालीसा की गूंज पहुंचनी चाहिए।
लाउडस्पीकर विवाद और त्योहारों पर बयानबाजी पर पलटवार
डीजे और ध्वनि विस्तारकों पर चल रही बहस के बीच उन्होंने कहा कि नियम सभी के लिए एक समान होने चाहिए। यदि किसी पर प्रतिबंध की बात होती है, तो पहले मस्जिदों में इस्तेमाल होने वाले लाउडस्पीकरों पर भी वही नियम लागू होने चाहिए। वहीं, गणेशोत्सव के दौरान समय-सीमा बढ़ाने पर विरोध जताने वाले नेताओं को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि देश में उत्सव और सांस्कृतिक गतिविधियां भारतीय परंपराओं व नियमों के अनुसार ही चलेंगी।
ओवैसी और रेवंत रेड्डी पर राजनीतिक मिलीभगत का आरोप
सहारनपुर में निर्माण से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार नियमों के तहत न्यायसंगत कार्रवाई करती है। इसके साथ ही उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और असदुद्दीन ओवैसी के बीच मिलीभगत का आरोप लगाते हुए विपक्ष पर कड़ा प्रहार किया।


