कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर में पारिवारिक कलह के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रविवार सुबह पत्नी के मोबाइल पर किसी अन्य व्यक्ति से बात करने से नाराज पति ने लोहे की रॉड से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेम विवाह के दो महीने बाद ही वारदात
डेरापुर के डुडौली निवासी आरोपी गजेंद्र संखवार (30) राजमिस्त्री का काम करता है। उसने करीब दो महीने पहले शिवली क्षेत्र की रहने वाली सपना उर्फ आसमा (29) के साथ कोर्ट मैरिज की थी। दोनों अकबरपुर के नेहरू नगर में एक किराए के मकान में रह रहे थे। गजेंद्र को सपना का किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बात करना नागवार गुजरता था। रविवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद आपा खो चुके गजेंद्र ने कमरे में रखी लोहे की रॉड से सपना के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
मां से फोन पर बोली थी- 'शादी करके पछता रही हूं'
घटना से महज आधे घंटे पहले ही सपना ने अपनी मां खैरा बानो को फोन कर अपनी आपबीती सुनाई थी। मां के अनुसार, सपना ने फोन पर कहा था कि वह गजेंद्र से शादी करके पछता रही है और अब उसके साथ नहीं रहना चाहती। घटना के बाद जब मकान मालिक और पड़ोसियों ने चीख-पुकार सुनी, तो उन्होंने भागने की कोशिश कर रहे गजेंद्र को पुलिस के आने तक रोके रखा।
दोनों की थी दूसरी और तीसरी शादी
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों का अतीत आपराधिक और उलझनों भरा रहा है:
सपना का अतीत: सपना की पहली शादी झींझक क्षेत्र में हुई थी, जिससे उसके तीन बच्चे हैं। पति को छोड़ने के बाद उसने बिहार के एक व्यक्ति से दूसरी शादी की थी। गजेंद्र उसकी तीसरी शादी थी।
गजेंद्र का अतीत: गजेंद्र भी पहले से शादीशुदा था और उसका एक बेटा है, लेकिन पहली पत्नी और बच्चा उससे अलग रहते हैं।
अकबरपुर थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि सपना और गजेंद्र की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी गजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


