मलबा गिरने से तीन परिवारों में मचा हड़कंप, करीब 7 लाख रुपए के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान; गनीमत रही जनहानि नहीं
थानागाजी। ग्राम लालपुरा में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे तेज बारिश के दौरान पहाड़ी का मलबा खिसककर आबादी क्षेत्र में बने मकानों पर जा गिरा। अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने से तीन परिवारों के कुल पांच पक्के आवासीय कमरे क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद प्रभावित परिवारों में भय का माहौल बन गया। हालांकि, गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।
बताया गया कि बारिश के दौरान पहाड़ी का मलबा अचानक खिसककर नीचे आबादी क्षेत्र में पहुंचा और मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। मलबे की चपेट में आने से मकानों के पीछे का हिस्सा, छत की पट्टियां और अन्य संरचना क्षतिग्रस्त हो गई।
तीन कमरों को भारी नुकसान
जगन्नाथ और ग्यारसीलाल पुत्र नारायण के संयुक्त रूप से बने तीन पक्के आवासीय कमरे पहाड़ी से खिसके मलबे की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रभावित परिवार की ओर से मकान और सामान सहित करीब 4 लाख रुपए के नुकसान का प्रारंभिक अनुमान बताया गया है।
मलबा अधिक मात्रा में होने के कारण मकान के पीछे का हिस्सा और छत की पट्टियां टूट गईं। इससे आवासीय भवन को काफी नुकसान पहुंचा।
विधवा महिला के दो कमरे भी क्षतिग्रस्त
इसी मकान से सटकर बने विधवा गोमा देवी पत्नी लक्ष्मीनारायण मीणा के दो पक्के आवासीय कमरे भी पहाड़ी के मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
गोमा देवी के अनुसार दोनों कमरों में करीब 3 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। इस तरह दोनों प्रभावित परिवारों के मकानों में प्रारंभिक तौर पर करीब 7 लाख रुपए के नुकसान का आकलन बताया गया है।
घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने आवास और घरेलू सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की सूचना मिलने पर तहसीलदार सुधीर कुमार जैन मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ पटवारी श्याम मीणा, ग्राम विकास अधिकारी आरती बलाई तथा कनिष्ठ सहायक गीता मीणा भी मौके पर पहुंचे।
राजस्व एवं पंचायत कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकानों और मलबे से हुए नुकसान का निरीक्षण किया तथा नुकसान की रिपोर्ट तैयार की।
तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए तत्काल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक टीम ने मौके पर मलबे की स्थिति तथा क्षतिग्रस्त मकानों का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की।
ग्रामीणों ने राहत और सुरक्षा की मांग उठाई
रिपोर्ट तैयार किए जाने के दौरान मौके पर ग्रामीण छोटेलाल, दिनेश, राकेश, रामचंद्र, रामनिवास, रोहिताश, नीरज, विकास, फैलीराम, रामजीलाल सैनी और मांगीलाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्र से मलबा खिसकने की घटनाओं को देखते हुए आबादी क्षेत्र में बने मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। उन्होंने प्रभावित मकानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


