More
    Homeराजनीतिनिकाय चुनाव के नतीजे भाजपा सरकार के कामकाज का आईना होंगे: सचिन...

    निकाय चुनाव के नतीजे भाजपा सरकार के कामकाज का आईना होंगे: सचिन पायलट

    जयपुर। राजस्थान में नगर निकाय चुनावों के मतदान के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि इन चुनावों में कांग्रेस पार्टी निर्णायक बढ़त हासिल करेगी। पायलट ने दो टूक कहा कि लंबे इंतजार के बाद उच्च न्यायालय के सख्त रुख के कारण हो रहे इन चुनावों के परिणाम राज्य की भाजपा सरकार के पौने तीन साल के कार्यकाल और उसके काम-काज का वास्तविक आईना साबित होंगे।

    हाईकोर्ट के दखल से चुनाव, पंचायतों पर सरकार की चुप्पी

    मतदान के उपरांत मीडिया से चर्चा करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रणाली सबसे महत्वपूर्ण आधार स्तंभ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने विभिन्न बहाने बनाकर इन चुनावों को टालने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन अदालत की कड़ी फटकार के आगे उसकी एक न चली। पायलट ने सवाल उठाया कि अभी केवल नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में मतदान कराया गया है, जबकि पंचायतीराज चुनावों की तारीखों का अब तक कोई अता-पता नहीं है।

    शहरी विकास ठप, कानून-व्यवस्था और शासन पर सवाल

    पायलट ने आरोप लगाया कि वर्तमान शासनकाल में प्रदेश के शहरों में विकास की रफ्तार पूरी तरह थम चुकी है। पूर्ववर्ती दौर में बड़े-बड़े शहरों में जिस गति और पैमाने पर विकास कार्य हुआ करते थे, वे आज पूरी तरह ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जनता देख रही है कि प्रशासन किस तरह निष्क्रिय बना हुआ है और जमीनी स्तर पर बुनियादी सुविधाओं के लिए आम नागरिक परेशान हैं।

    युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप

    कांग्रेस नेता ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि दोनों सरकारों ने युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि रोजगार, शिक्षा और अवसरों के अभाव में युवा वर्ग हताश है। पायलट ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता अपने मताधिकार के माध्यम से भाजपा के शासन और उसकी नीतियों का स्पष्ट जवाब देगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here