More
    Homeराजस्थानजयपुर100 वार्डों का फैसला 14 सितंबर को, जोधपुर में मतदान के बाद...

    100 वार्डों का फैसला 14 सितंबर को, जोधपुर में मतदान के बाद भाजपा-कांग्रेस की बढ़ी चिंता

    जोधपुर। जोधपुर नगर निगम चुनाव-2026 के अंतर्गत शहर के सभी 100 वार्डों में मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन कार्यालय के अंतिम आंकड़ों के अनुसार, कुल 7,12,164 मतदाताओं में से 5,12,410 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 71.95 दर्ज किया गया।

    धीमी शुरुआत के बाद बढ़ा मतदान का ग्राफ

    सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह 10 बजे तक 19.97 प्रतिशत (1,42,252) लोगों ने वोट डाले। इसके बाद मतदान की गति में तेजी आई और दोपहर 1 बजे तक आंकड़ा 43.51 प्रतिशत (3,09,848) पहुंच गया। दोपहर 3 बजे तक 56.42 प्रतिशत (4,01,822) मतदाताओं ने वोटिंग की और शाम छह बजे तक यह संख्या बढ़कर 5,12,410 यानी 71.95 प्रतिशत पर पहुंच गई। मतदान संपन्न होने के बाद शाम करीब सात बजे से ईवीएम को पॉलिटेक्निक कॉलेज में बने स्ट्रॉन्ग रूम में जमा कराने का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर रात तक जारी रहा।

    राजनीतिक दलों की हलचल और बाड़ाबंदी

    मतदान समाप्त होते ही राजनीतिक दलों में जोड़तोड़ और रणनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपने सभी प्रत्याशियों को एक सुरक्षित स्थान पर भेजते हुए बाड़ाबंदी शुरू कर दी है, जिसमें कुछ निर्दलीय उम्मीदवारों को भी शामिल किया गया है। हालांकि इस दौरान कुछ भाजपा उम्मीदवारों की नाराजगी की खबरें भी सामने आईं, जिन्हें बाद में समझा-बुझाकर शांत कर लिया गया। दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी ने भी अपने सभी प्रत्याशियों के साथ संपर्क बनाए रखा है और आगामी 14 सितंबर को होने वाली मतगणना के मद्देनजर चुनावी समीकरणों को लेकर मंथन जारी है। अब सभी की निगाहें 14 सितंबर को होने वाले मतगणना परिणामों पर टिकी हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here