मृत्यु और समय के स्वामी हैं काल भैरव. वे भगवान शिव के अंश भी है. उनकी उत्पत्ति मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को हुई थी, इस वजह से हर साल इस तिथि को काल भैरव जयंती मनाते हैं. हर माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मासिक कालाष्टमी मनाते हैं, जो काल भैरव को समर्पित है. काल भैरव की पूजा करने से सभी प्रकार के रोग, दोष, तंत्र-मंत्र के दुष्प्रभाव, नकारात्मकता आदि दूर होते हैं. काल भैरव जयंती के लिए निशिता मुहूर्त का विचार करते हैं, न कि उदयातिथि का.
काल भैरव जयंती 2026 तारीख
काल भैरव जयंती के लिए इस बार मार्गशीर्ष कृष्ण अष्टमी तिथि 1 दिसंबर को देर रात 12 बजकर 11 मिनट से शुरू हो रही है. यह तिथि 1 नवंबर को ही रात 11 बजकर 13 मिनट पर खत्म हो जाएगी. उदयातिथि के आधार पर अष्टमी तिथि 1 दिसंबर को है और उस दिन ही निशिता मुहूर्त में पूजा होगी.
काल भैरव जयंती 2026 मुहूर्त
काल भैरव जयंती वाले दिन ब्रह्म मुहूर्त 05:08 ए एम से 06:02 ए एम तक है. इस मुहूर्त में उठकर स्नान करके काल भैरव जयंती के लिए व्रत और पूजा का संकल्प कर लें. अभिजीत मुहूर्त दिन में 11 बजकर 49 मिनट से दोपहर 12 बजकर 31 मिनट तक है. निशिता मुहूर्त देर रात 11 बजकर 43 मिनट से मध्य रात्रि 12 बजकर 38 ए एम तक है.
काल भैरव की उत्पत्ति कैसे हुई?
शिव पुराण में काल भैरव की उत्पत्ति के बारे में बताया गया है. काल भैरव की उत्पत्ति ब्रह्म देव के घमंड को तोड़ने के लिए हुई थी. एक बार ब्रह्मा जी और विष्णु जी में सर्वश्रेष्ठ को लेकर बहस हो रही थी. ब्रह्मा जी ने अहंकार में आकर कहा कि सृष्टि की उत्पत्ति उन्होंने की है और इस वजह से वे सर्वश्रेष्ठ हैं.
तब भगवान विष्णु ने उनसे कहा कि यह पूरी सृष्टि भगवान शिव की इच्छा के अनुरूप ही चलती है, वे ही परम ब्रह्म हैं. लेकिन ब्रह्मा जी ने अहंकार में आकर भगवान शिव के सर्वश्रेष्ठ होने को चुनौती दी. वे विष्णु जी की बात मानने को तैयार नहीं थे.
उन्होंने वेदों और ऋषियों से भी भी प्रश्न किया कि सर्वश्रेष्ठ कौन है? सबने बताया कि शिव ही सर्वश्रेष्ठ हैं. यह सुनकर ब्रह्मा जी गुस्सा हो गए और क्रोध में उनका पांचवा सिर जलने लगा. शिव निंदा में कुछ अपशब्द भी बोल दिए. अपमान करने पर शिव जी नाराज हो गए और अपने शरीर से एक तेजस्वी, विकराल और दिव्य पुंज प्रकट किया, जो काल भैरव कहलाए.
प्रकट होते ही शिव आज्ञा पर काल भैरव ने ब्रह्मा जी के अहंकारी 5वें मुख को काट दिया. इस तरह से ब्रह्मा जी के चार मुख के हो गए.
काल भैरव पर ब्रह्म हत्या का दोष लगा और ब्रह्मा जी का कपाल उनके हाथ से चिपक गया. इससे मुक्ति के लिए शिव जी ने काल भैरव को तीनों लोकों का भ्रमण करने को कहा.
भ्रमण के क्रम में काल भैरव काशी पहुंचे. वहां जाते ही वे ब्रह्म हत्या के पाप से मुक्त हो गए. उनके हाथ में चिपका कपाल छूटकर गिर गया, जिस स्थान पर गिरा उसे ‘कपाल मोचन तीर्थ’ कहते है. तब से काल भैरव काशी में ही विराजमान हो गए और शिव नगरी की रक्षा करने लगे. तब से वे काशी के कोतवाल बन गए.


