More
    Homeमनोरंजनरंगीला के 31 साल पूरे होने का जैकी श्रॉफ ने मनाया जश्न

    रंगीला के 31 साल पूरे होने का जैकी श्रॉफ ने मनाया जश्न

    मुंबई । बॉलीवुड फिल्म रंगीला ने 90 के दशक में फिल्मों में रंग-ढंग और संगीत की पूरी परिभाषा ही बदलकर रख दी थी। साल 1995 में रिलीज हुई इस कल्ट क्लासिक संगीतमय रोमांटिक-ड्रामा फिल्म ने अपनी रिलीज के 31 साल पूरे कर लिए हैं। फिल्म के मुख्य कलाकार जैकी श्रॉफ ने सोशल मीडिया के जरिए 31 साल पूरे होने का जश्न मनाया। यह फिल्म एक लव ट्राएंगल पर आधारित थी, जिसमें मिली (उर्मिला) का बचपन का दोस्त मुन्ना (आमिर खान) उससे गुपचुप प्यार करता है, लेकिन अपनी भावनाओं को व्यक्त नहीं कर पाता। इस बीच, जब मशहूर अभिनेता राज कमल (जैकी श्रॉफ) मिली को फिल्म में ब्रेक देता है, तो वह भी मिली की सादगी की ओर आकर्षित होने लगता है। पूरी कहानी मिली के सपनों की उड़ान और उसके दो दोस्तों के बीच बदलते समीकरणों को दिखाती है। फिल्म का संगीत इसकी आत्मा था, जिसे ए.आर. रहमान ने बनाया था। यह फिल्म संगीतकार ए. आर. रहमान की पहली मूल हिंदी फिल्म थी, जिसने उन्हें हिंदी सिनेमा में एक नई पहचान दिलाई। फिल्म के गाने रंगीला रे, तन्हा तन्हा, याई रे और हाय रामा जैसे गानों ने संगीत की दुनिया में तहलका मचा दिया था और आज भी ये गाने उतने ही पसंद किए जाते हैं।
    इन गानों की धुनें और बोल आज भी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देते हैं, जिससे यह फिल्म एक सदाबहार क्लासिक बनी हुई है। फिल्म में आमिर खान ने टपोरी मुन्ना के किरदार में शानदार अभिनय किया था, जिसे खूब सराहा गया था। हालांकि, ऐसा भी कहा जाता है कि इस शानदार अभिनय के बाद भी जब आमिर खान को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का फिल्मफेयर पुरस्कार नहीं मिला, तो वे बेहद निराश हुए। इसके बाद से ही उन्होंने फिल्मफेयर और अन्य फिल्मी पुरस्कार समारोहों में जाना छोड़ दिया था, जो फिल्म इंडस्ट्री में एक बड़ी चर्चा का विषय बन गया था। इस सदाबहार कल्ट फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए इसे 30 साल बाद फिर से सिनेमाघरों में री-रिलीज करने की घोषणा की गई थी।
     फिल्म रंगीला के 30 साल पूरे होने पर इसे 4के रीमास्टर वर्जन में 28 नवंबर 2025 को सिनेमाघरों में दोबारा (री-रिलीज) किया गया था, जिससे नई पीढ़ी के दर्शक भी इस बेहतरीन फिल्म का अनुभव कर सकें। बता दें कि फिल्म रंगीला का लेखन, निर्देशन और सह-निर्माण प्रसिद्ध डायरेक्टर राम गोपाल वर्मा ने किया था। फिल्म में आमिर खान (मुन्ना), उर्मिला मातोंडकर (मिली) और जैकी श्रॉफ (राज कमल) जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिका अदा की थी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here