हादसे में सात युवक हुए थे घायल, 21 वर्षीय अमन खान की मौत पर व्यापार संघों ने जताई संवेदना
लक्ष्मणगढ़। गढ़ी सवाईराम क्षेत्र के अहीरवास के पास शनिवार को हुए दर्दनाक कार हादसे के बाद लक्ष्मणगढ़ कस्बे में शोक की लहर है। हादसे में कार सवार सात युवक घायल हो गए थे, जबकि गंभीर रूप से घायल 21 वर्षीय अमन खान की उपचार के लिए अलवर ले जाने के बाद मौत हो गई। घटना से दुखी व्यापारियों ने रविवार को आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर मृतक और घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे सात दोस्त
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मणगढ़ कस्बे के सात युवक शनिवार शाम पिनान स्थित एक रेस्टोरेंट में दोस्त के जन्मदिन के अवसर पर खाना खाने के बाद स्कॉर्पियो कार से वापस लक्ष्मणगढ़ लौट रहे थे। गढ़ी सवाईराम मार्ग पर अहीरवास के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरकर खेत में कई बार पलट गई।
हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार युवक उसमें फंस गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को अलवर किया गया रेफर
ग्रामीणों ने हादसे में घायल सभी युवकों को तत्काल गढ़ी सवाईराम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया।
अलवर पहुंचने पर चिकित्सकों ने अमन खान, उम्र 21 वर्ष, पुत्र रज्जाक को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल युवकों का उपचार जारी बताया गया है।
अमन चार भाई-बहनों में था सबसे बड़ा
अमन खान चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। वह बीए की पढ़ाई करने के साथ अपने पिता के व्यापार में भी हाथ बंटाता था। परिजनों के अनुसार, अमन के पिता कैंसर से पीड़ित हैं। ऐसे में बेटे की मौत की खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
रविवार को जब अमन का शव लक्ष्मणगढ़ पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। कस्बे के लोगों ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही।
आवश्यक सेवाओं को छोड़कर प्रतिष्ठान बंद
हादसे में एक युवक की मौत और सात युवकों के घायल होने की घटना से लक्ष्मणगढ़ के व्यापारियों में भी गहरा दुख है। व्यापार संघों ने संवेदना स्वरूप रविवार को किराना, रेडीमेड वस्त्र, फुटवियर सहित कई प्रतिष्ठान बंद रखे। हालांकि आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठान खुले रहे।
स्थानीय लोगों ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं अमन खान के निधन पर कस्बे में शोक का माहौल बना हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


