मुंबई। अपनी आगामी फिल्म दायरा के प्रचार के दौरान अभिनेत्री करीना कपूर खान ने उनकी बडी बहन करिश्मा कपूर के एक यादगार फैशन मोमेंट को फिर से जीवंत किया है। करिश्मा कपूर की प्रतिष्ठित फिल्म जुबैदा के लुक को रीक्रिएट करके करीना ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। करीना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर अपनी और करिश्मा की जुबैदा वाली तस्वीर का एक कोलाज साझा किया। उनकी तस्वीर के साथ फिल्म जुबैदा से करिश्मा कपूर की एक तस्वीर भी थी, जिसमें उन्हें फूलों का गुच्छा पकड़े हुए वैसी ही मल्टीकलर साड़ी में देखा जा सकता है। करीना ने इस तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, मुझे हमेशा से पता था कि हमारी पसंद अच्छी है… सिस्टर्स फॉरएवर।
करिश्मा ने फिल्म जुबैदा के गाने धीमे धीमे गाऊं में यह आइकॉनिक साड़ी पहनी थी। इस गाने को ए.आर. रहमान ने कंपोज किया था और कविता कृष्णमूर्ति ने गाया था। श्याम बेनेगल द्वारा निर्देशित इस फिल्म में करिश्मा इसी लुक में नज़र आई थीं, जो आज भी दर्शकों को याद है। राजस्थानी पारंपरिक समुद्र लेहरिया प्रिंट वाली यह मल्टीकलर साड़ी फिल्म के सबसे यादगार और सदाबहार फैशन लुक्स में से एक मानी जाती है। करिश्मा ने इसके साथ एक साधारण ब्लाउज़ और मोतियों के गहने पहने थे, जिसने लुक को और भी क्लासी बना दिया था। अब बात करें करीना की आने वाली फिल्म दायरा की, तो इसका निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है।
फिल्म की लेखन टीम में यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार शामिल हैं। जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज मिलकर इस फिल्म का निर्माण कर रहे हैं। दायरा सच्ची घटनाओं से प्रेरित एक क्राइम थ्रिलर है, जो अपराध, सज़ा, त्वरित न्याय बनाम विलंबित न्याय और दो पुलिस अधिकारियों की अलग-अलग सोच के इर्द-गिर्द घूमती है। सच्ची घटनाओं से प्रेरित दायरा जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज के बीच पहला सहयोग है। साथ ही, तलवार और राज़ी जैसी सफल फिल्मों के बाद मेघना गुलजार का जंगली पिक्चर्स के साथ यह तीसरा सहयोग है, जिससे दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। यह फिल्म करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की एक साथ पहली फिल्म भी है, जो उन्हें बड़े पर्दे पर एक नई जोड़ी के रूप में पेश करेगी।
करिश्मा कपूर के यादगार फैशन मोमेंट को जीवंत किया करीना ने


