More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़कमजोर पड़ा मानसून फिर होगा सक्रिय, आज से बारिश का दायरा बढ़ने...

    कमजोर पड़ा मानसून फिर होगा सक्रिय, आज से बारिश का दायरा बढ़ने की उम्मीद

    रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़े मानसून के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई थी। हालांकि, अब मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार से प्रदेश भर में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना व्यक्त की है। आगामी दो दिनों के दौरान कई इलाकों में मूसलाधार बारिश तो वहीं अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा होने के आसार हैं।

    राजधानी में शाम को हुई झमाझम बारिश

    दिनभर तेज गर्मी और उमस के बाद शुक्रवार शाम राजधानी रायपुर में अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे आमजन को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह खिली तेज धूप के बाद दोपहर में आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन शाम को हवा में नमी बढ़ने के साथ घने बादल उमड़े और गरज-चमक के साथ वर्षा शुरू हो गई।

    तापमान में दर्ज की जा रही थी लगातार बढ़ोतरी

    मानसून की चाल सुस्त पड़ने के कारण राज्य के कई जिलों में दिन के तापमान में निरंतर वृद्धि दर्ज की जा रही थी। शुक्रवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, रायपुर में पारा 33.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक था। इसके अतिरिक्त अंबिकापुर और जगदलपुर में भी तापमान सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया।

    अंडमान सागर में नया मौसमी सिस्टम सक्रिय

    मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर अंडमान सागर के ऊपर 19 सितंबर की शाम तक एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की प्रबल संभावना है। इस नए सिस्टम के प्रभाव से समुद्र से आ रही नमी के कारण राज्य में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर जोर पकड़ेंगी। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान जताया गया है।

    कई जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

    आगामी 48 घंटों के दौरान राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका व्यक्त की गई है। बीते शुक्रवार को भी राज्य के पथरिया में सर्वाधिक 40 मिलीमीटर, जबकि सूरजपुर व बम्हनीडीह में 30-30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा उसूर, जनकपुर-भरतपुर, बागबहार और करतला में भी 20-20 मिलीमीटर वर्षा हुई।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here