More
    Homeराज्यमहाराष्ट्रमुंबई लोकल में 25 सितंबर को बदलाव, चर्नी रोड पर 84 धीमी...

    मुंबई लोकल में 25 सितंबर को बदलाव, चर्नी रोड पर 84 धीमी ट्रेनें नहीं रुकेंगी

    मुंबई। गणेश विसर्जन के दौरान मुंबई में जुटने वाली भारी भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने लोकल ट्रेन सेवाओं में कई अहम बदलाव और विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

    चर्नी रोड स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव रहेगा बंद

    शुक्रवार, 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के मौके पर गिरगांव चौपाटी और उसके आसपास के इलाकों में भारी जनसैलाब उमड़ने की संभावना है। इसे नियंत्रित करने के लिए शाम 6 बजे से रात 11:30 बजे तक चर्चगेट की ओर जाने वाली 84 धीमी लोकल ट्रेनें चर्नी रोड स्टेशन पर नहीं रुकेंगी। ये ट्रेनें प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर यात्रियों के लिए नहीं ठहरेंगी, जिससे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ को रोका जा सके।

    तेज लोकल ट्रेनों को धीमी गति से चलाने का निर्णय

    भीड़ को मैनेज करने के लिए शाम 5 बजे से रात 8:30 बजे के बीच मुंबई सेंट्रल और चर्चगेट के बीच चलने वाली 37 तेज लोकल ट्रेनों को धीमी लोकल के रूप में चलाया जाएगा। ये ट्रेनें चर्नी रोड सहित रास्ते के सभी निर्धारित स्टेशनों पर रुकेंगी। इसके साथ ही, 12 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनें सभी स्टेशनों पर रुकेंगी, जबकि 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनें ग्रांट रोड, चर्नी रोड और मरीन लाइंस स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी।

    देर रात घर लौटने वालों के लिए 12 विशेष लोकल ट्रेनें

    विसर्जन के बाद देर रात अपने घर लौटने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने चर्चगेट और विरार के बीच कुल 12 विशेष लोकल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है:

    • चर्चगेट से विरार के लिए: रात 1:15, 1:45, 2:15, 2:55, 3:15 और 3:45 बजे विशेष गाड़ियां मिलेंगी।

    • विरार से चर्चगेट के लिए: रात 12:15, 12:30, 1:10, 1:30, 2:00 और 3:00 बजे विशेष लोकल उपलब्ध रहेंगी।

    रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इन बदलावों को ध्यान में रखकर अपनी यात्रा की योजना बनाएं और भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर पूरी सावधानी बरतें।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here