टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं विकी जैन ने तपस्वियों को पाराणा करा अनुमोदना की, सूर्यमहल में शाही पारणा महोत्सव में उमड़े श्रावक-श्राविकाएं
भीलवाड़ा। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, मैन सेक्टर शास्त्रीनगर के तत्वावधान में सकल दिगम्बर जैन समाज की ओर से भीलवाड़ा में पहली बार चातुर्मास कर रहे राष्ट्र संत मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज संसघ के सानिध्य में शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में दशलक्षण (पर्युषण) महापर्व की आराधना सम्पन्न होने पर शनिवार को शाही पारणा महोत्सव का आयोजन किया गया।
श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में दस उपवास की तपस्या पूर्ण करने वाले करीब 30 तपस्वियों का पारणा कराने के लिए बिग बॉस फेम मशहूर टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं निर्माता विक्की जैन पहुंचे थे। महोत्सव पूर्व सुबह दस दिन की तप आराधना (उपवास) करने वाले श्रावक श्राविकाओं की भव्य सामूहिक थालोड़ी का आयोजन किया गया।
शास्त्रीनगर मूलनायक श्री पार्श्वनाथ भगवान के दर्शन के लिए तपस्वियों की शाही बग्गियों में प्रभावना यात्रा निकाली गई। तपस्वियों ने भगवान पार्श्वनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। सूर्यमहल में पारणा महोत्सव के प्रारंभ में आचार्य पुलकसागर महाराज ने उन्हें संकल्प कराया कि दस दिन की उपवास की साधना के दौरान किसी तरह की विराधना हुई हो, मन खेद खिन्न हुआ हो, थोड़ी सी भी धर्म के प्रति आस्था डगमगाई तो जिनेन्द्र भगवान से क्षमायाचना करते है ओर हम उपवास का यहीं फल चाहते है कि एक दिन हमारा भी आपके जैसा कल्याण हो। हमारा जीवन धर्म के मार्ग पर लगा रहे।
तपस्वियों ने संकल्प के माध्यम से वहां उपस्थिति सभी श्रावक श्राविकाओं एवं परिवारजनों से भी उत्तम क्षमा की याचना की। संकल्प कराने के बाद पारणा कराने का दौर प्रारंभ हुआ। सबसे पहले टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं निर्माता विक्की जैन ने प्रत्येक तपस्वी के पास पहुंच पारणा कराते हुए उनके तप की अनुमोदना की। इसके बाद तपस्वी की माता, पत्नी व अन्य परिजनों ने पारणा कराया। तप अनुमोदना का लाभ प्राप्त करने के लिए कई समाजजनों ने भी पारणा कराने का लाभ लिया।
निशा हिंगड़ ने गीतों के माध्यम से तपस्या की अनुमोदना की। चातुर्मास समिति की ओर से तपस्वियों के पारणे के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। इस आयोजन के लिए विशेष रूप से भीलवाड़ा पहुंचे टीवी स्टार अंकिता लोखंडे एवं निर्माता विक्की जैन ने आचार्य पुलकसागर महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
उनका श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, संयोजक मनीष शाह, सह संयोजक लोकेश अजमेरा आदि पदाधिकारियों ने स्वागत किया। संचालन चातुर्मास समिति के महामंत्री जयकुमार पाटनी ने किया। पारणा महोत्सव में शामिल होने के लिए भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रावक श्राविका पहुंचे थे।
उदयपुर महापौर सिंघवी ने आचार्य पुलकसागर से प्राप्त किया आशीर्वाद
उदयपुर नगर निगम के नव निर्वाचित महापौर पारस सिंघवी ने उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित अनेक पार्षदों के साथ मनोज्ञाचार्य पुलकसागरजी महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी, संयोजक मनीष शाह एवं अन्य पदाधिकारियो ने सभी का अभिनंदन किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


