शिक्षा की काशी कहे जाने वाले कोटा शहर में आस्था के भी अनेक धाम देखने को मिलते हैं. यहां बांके बिहारी जी का मंदिर है, बाबा नीलकंठ का मंदिर है और अयोध्या के राम का मंदिर भी है. इस मंदिर के एक ही परिसर में राम दरबार के साथ गणेश जी, हनुमान जी, भैरू जी, नर-नारायण और लक्ष्मी-नारायण के दर्शन होते हैं. यहां राजस्थान की शुरुआती पारद मूर्तियों में से एक पारद शिवलिंग भी स्थापित है. कोटा जंक्शन स्थित राम मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को इसी वजह से आस्था का अनूठा अनुभव मिलता है.
मंदिर के अध्यक्ष डॉ. सुधीर उपाध्याय ने लोकल 18 को बताया कि मंदिर की जमीन 100 साल से भी ज्यादा पुरानी है और यहां वर्ष 1934 में प्राण प्रतिष्ठा हुई थी. सदी से अधिक पुरानी इस विरासत को आज भी पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ सहेजा जा रहा है. यह मंदिर आस्था, परंपरा और सेवा का बड़ा केंद्र है.
जयपुर के कारीगरों ने बनाईं 5 फीट की प्रतिमाएं
डॉ. उपाध्याय के अनुसार, पहले मंदिर में छोटी प्रतिमाएं विराजमान थीं. करीब 15 साल पहले जीर्णोद्धार के बाद उन प्रतिमाओं को पास ही सुरक्षित रख दिया गया. इसके बाद जयपुर के विशेष कारीगरों से 5 फीट की नई प्रतिमाएं बनवाई गईं, जो आज श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र हैं. करीब 10 साल पहले मंदिर में कुल 51 किलो वजन का चांदी का श्रृंगार और सिंहासन स्थापित किया गया. इसमें 32 किलो का सिंहासन है, जबकि बाकी वजन मुकुट और आभूषणों का है. चांदी के श्रृंगार से सजा राम दरबार दर्शन के लिए आने वाले भक्तों को खास तौर पर आकर्षित करता है.
पारद शिवलिंग और चतुर्मास की परंपरा
करीब 25 साल पहले स्थापित पारद शिवलिंग भी यहां का विशेष आकर्षण है. अध्यक्ष के अनुसार, यह राजस्थान की शुरुआती पारद मूर्तियों में से एक है. सनातन परंपरा के अनुसार, मंदिर में चतुर्मास का आयोजन होता है. 30 साल पहले कांचीपुरम के शंकराचार्य जी और 3 साल पहले बालपुरा पीठ के शंकराचार्य जी यहां चतुर्मास कर चुके हैं. इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु धर्मलाभ लेने पहुंचते हैं.
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के दौरान उमड़ा था जनसैलाब
अध्यक्ष ने बताया कि जब अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा हुई थी, तब इस मंदिर में भी भारी जनसैलाब उमड़ा था. दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. मंदिर की ओर से अयोध्या के लिए मिट्टी, दान और भेंट भी भेजी गई थी.
गरीबों के लिए चिकित्सालय और भोजन की व्यवस्था
धार्मिक आयोजनों के साथ यह मंदिर सेवा कार्यों में भी अग्रणी है. मंदिर परिसर में गरीबों के लिए चिकित्सालय संचालित किया जाता है. इसके अलावा यहां प्रतिदिन गरीबों को भोजन कराया जाता है और सुबह प्रसाद का वितरण भी किया जाता है. आस्था के साथ सेवा का यह संगम ही कोटा जंक्शन के राम मंदिर को खास बनाता है.


