केकड़ी में 1 से 7 अक्टूबर तक दिखाएंगी दमखम, ग्रामीणों और विद्यालय स्टाफ ने 25 हजार रुपये की हॉकी किट भेंट की
अलवर। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंगली झामावत की सात बालिकाओं का राज्य स्तरीय बालिका हॉकी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। 14 वर्ष आयु वर्ग की यह प्रतियोगिता 1 से 7 अक्टूबर 2026 तक अजमेर जिले के केकड़ी में आयोजित होगी। बालिकाओं की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
खेल प्रतिभा के दम पर हासिल किया मुकाम
विद्यालय के संस्थाप्रधान महावीर सिंह चौधरी ने बताया कि विद्यालय की बालिकाओं ने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्थान बनाया है। चयनित बालिकाओं ने अपनी सफलता का श्रेय संस्थाप्रधान महावीर सिंह चौधरी, शारीरिक शिक्षक मनीषा नरूका और विद्यालय के समस्त स्टाफ को दिया।
25 हजार रुपये की हॉकी किट उपलब्ध कराई
चयनित बालिकाओं को प्रतियोगिता की तैयारी और बेहतर प्रदर्शन के लिए विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामीणों के सहयोग से 25 हजार रुपये की हॉकी किट उपलब्ध कराई गई। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को खेल के लिए आवश्यक संसाधन मुहैया कराना और उनका उत्साह बढ़ाना है।
विद्यालय में प्रत्येक वर्ष दो से तीन विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन होता रहा है। इस बार सात बालिकाओं का चयन विद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि माना जा रहा है।
स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान चयनित बालिकाओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संस्थाप्रधान महावीर सिंह चौधरी ने विद्यालय में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को दी।
विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने चयनित बालिकाओं को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


