जयपुर मार्ग पर व्यापारी देशराज से छीनी थी नकदी, पुलिस ने थाने से घटनास्थल तक आरोपियों से कराई तस्दीक
थानागाजी। कस्बे में व्यापारी से हथियार के बल पर 1.60 लाख रुपये की नकदी लूटने के मामले में थानागाजी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक इंदु लोधी और थाना अधिकारी महावीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार थानागाजी में जयपुर मार्ग पर देशराज नामक व्यापारी से आरोपियों ने हथियार के बल पर 1 लाख 60 हजार रुपये की नकदी छीन ली थी। घटना के बाद से ही थानागाजी पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
मामले का खुलासा नहीं होने पर क्षेत्र के व्यापारी भी सक्रिय हुए थे। व्यापारियों ने पुलिस उपाधीक्षक से दो बार मुलाकात कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
थाने से घटनास्थल तक कराई तस्दीक
पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों को थानागाजी थाने से लेकर व्यापारी की दुकान और घटनास्थल तक ले जाकर घटना की तस्दीक कराई। पुलिस आरोपियों से वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि लूट की इस वारदात में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा और कितने लोग शामिल थे। संभावित अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान क्षेत्र में हुई अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जाएगी। मामले में आगे की जांच जारी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


