More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशपरदेशीपुरा में सड़क धंसी, इंदौर में लगातार सामने आ रहे सड़क धंसने...

    परदेशीपुरा में सड़क धंसी, इंदौर में लगातार सामने आ रहे सड़क धंसने के मामले

    इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में सड़कों के धंसने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गाड़ी अड्डा, पंढरीनाथ, विजय नगर और जूनी इंदौर के बाद अब परदेशीपुरा इलाके से भी सड़क धंसने का एक गंभीर मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, परदेशीपुरा रोड नंबर-3 पर सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे इस मार्ग पर यातायात और आम नागरिकों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है।

    पास से गुजर रही ड्रेनेज लाइन बनी मुख्य वजह

    स्थानीय नागरिकों और जानकारों के मुताबिक, जिस स्थान पर सड़क धंसी है, ठीक उसके पास से ड्रेनेज लाइन मौजूद है। लगातार सामने आ रही इस तरह की घटनाओं के बाद अब नगर निगम की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में सड़कों के बैठने से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और ड्रेनेज सिस्टम के रखरखाव में बरती जा रही लापरवाही की पोल खुल रही है।

    स्थानीय लोगों में आक्रोश और जांच की मांग

    घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण और ड्रेनेज लाइनों की फिटिंग में जिम्मेदार लोगों द्वारा की गई भारी लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। लगातार सामने आ रही इन दुर्घटनाओं के बीच नागरिकों ने संबंधित ठेकेदारों की भूमिका की उच्चस्तरीय जांच कराने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की सत्यता परखने की पुरजोर मांग की है। गाड़ी अड्डा से लेकर परदेशीपुरा तक एक के बाद एक धंसती सड़कों ने प्रशासनिक अमले की पोल खोल दी है, जिससे अब यह बड़ा सवाल उठ खड़ा हुआ है कि इंदौर की सड़कों की सुरक्षा की वास्तविक जिम्मेदारी किसकी है और इन गंभीर घटनाओं के लिए जवाबदेही तय कब की जाएगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here