More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशगैस त्रासदी मामले में अब और देरी नहीं, हाईकोर्ट ने 30 दिन...

    गैस त्रासदी मामले में अब और देरी नहीं, हाईकोर्ट ने 30 दिन में सुनवाई पूरी करने को कहा

    जबलपुर। भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों को न्याय मिलने में हो रही देरी पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। हाई कोर्ट ने वर्ष 2010 के फैसले के खिलाफ लंबित आपराधिक अपीलों का निपटारा यथासंभव 30 दिनों के भीतर करने के निर्देश भोपाल जिला न्यायाधीश को दिए हैं। हाई कोर्ट जस्टिस हिमांशु जोशी की एकलपीठ ने प्रकरण में कथित खामियों की अलग से सुनवाई करने की मांग वाली तीन याचिकाओं को खारिज करते हुए यह आदेश जारी किया।

    याचिका में लगाए गए थे ये तर्क

    याचिकाकर्ता एसपी चौधरी तथा अन्य तीन की ओर से दायर याचिका में कहा गया था कि दिसंबर 1984 में भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड संयंत्र से गैस रिसाव के मामले में भोपाल न्यायालय ने 7 जून 2010 को सजा सुनाई थी। सजा के खिलाफ दायर अपील के दौरान 25 अप्रैल 2022 को धारा 464 के तहत आवेदन प्रस्तुत किया गया था। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि प्रत्येक आरोपी के विरुद्ध विशिष्ट भूमिका और आरोप स्पष्ट नहीं किए गए, जिससे उनके बचाव के अधिकार प्रभावित हुए और न्याय की विफलता हुई। याचिका में यह भी कहा गया कि धारा 464 के आवेदन पर 36 दिनों तक सुनवाई हो चुकी है, इसलिए इसे अपील की अंतिम सुनवाई तक टालना न्यायिक समय की बर्बादी और अनावश्यक देरी का कारण बन सकता है।

    सीबीआई और सरकारों ने किया था विरोध

    सीबीआई तथा केंद्र व राज्य सरकार की ओर से याचिका का विरोध करते हुए कहा गया कि आरोपों में त्रुटि से वास्तविक नुकसान हुआ या नहीं, इसका आकलन करने के लिए पूरे मुकदमे के साक्ष्य, गवाहों के बयान और धारा 313 के तहत दर्ज कथनों का परीक्षण आवश्यक है।

    एकलपीठ का आदेश और लंबित अपीलें

    तीनों याचिकाओं को खारिज करते हुए एकलपीठ ने अपने आदेश में कहा कि धारा 464 के तहत केवल आरोपों में त्रुटि होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सिद्ध होना चाहिए कि उससे वास्तव में न्याय की विफलता हुई है। इसका निर्धारण पूरे ट्रायल रिकॉर्ड, साक्ष्यों और बचाव पक्ष के आधार पर किया जाना चाहिए। ऐसे में इस मामले में उठाए गए सवालों पर लंबित आपराधिक अपील की अंतिम सुनवाई के दौरान विचार किया जा सकता है। एकलपीठ ने अपील की सुनवाई यथाशीघ्र और संभव प्रयास कर 30 दिनों में पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि 2 और 3 दिसंबर 1984 की रात हुई त्रासदी के करीब 26 वर्ष बाद, वर्ष 2010 में भोपाल की अदालत ने यूनियन कार्बाइड कॉर्पोरेशन के आठ अधिकारियों को दोषी ठहराते हुए दो-दो वर्ष की कैद और दो-दो लाख रुपये के जुर्माने की सजा सुनाई थी, जिसके खिलाफ अपीलें लंबे समय से लंबित हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here