More
    Homeराजस्थानअलवरजीडी कॉलेज में 28 लाख की आधुनिक आईसीटी लैब का उद्घाटन, बालिकाओं...

    जीडी कॉलेज में 28 लाख की आधुनिक आईसीटी लैब का उद्घाटन, बालिकाओं को मिलेगा तकनीकी शिक्षा का बेहतर अवसर

    आधुनिक सुविधाओं से लैस लैब में 21 कंप्यूटर और इंटरएक्टिव पैनल, वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने विकास कार्यों का भी लिया जायजा

    अलवर। वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने बुधवार को गौरी देवी महाविद्यालय में 28 लाख रुपए की लागत से निर्मित आधुनिक आईसीटी लैब का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय परिसर में खेल मैदान सहित विभिन्न प्रगतिरत विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्यों को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

    मंत्री ने कहा कि आधुनिक आईसीटी लैब के माध्यम से महाविद्यालय की बालिकाओं को तकनीकी शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

    शिक्षा के साथ तकनीकी दक्षता पर जोर

    संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा में नए नवाचारों के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और आधुनिक तकनीकी संसाधनों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है।

    उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के तहत राज्य के महाविद्यालयों में आईसीटी लैब के निर्माण के लिए 45 करोड़ रुपए के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसी क्रम में गौरी देवी महाविद्यालय में आईसीटी लैब का निर्माण कराया गया है।

    मंत्री ने कहा कि अलवर शहर को नवीन कन्या महाविद्यालय की सौगात भी मिली है, जिसका निर्माण कार्य प्रगतिरत है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में अलवर संसदीय क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ई-पुस्तकालय स्थापित किए जा रहे हैं।

    खेल सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण

    संजय शर्मा ने कहा कि बालिकाओं के लिए खेल सुविधाओं के विस्तार के तहत सामाजिक दायित्व निधि से महाविद्यालय में इनडोर बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा सभागार निर्माण, छात्रावास के जीर्णोद्धार और अन्य भौतिक संसाधनों के विकास के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

    उन्होंने महाविद्यालय परिसर का भ्रमण कर खेल मैदान और अन्य निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति देखी। आईसीटी लैब में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश दिए।

    21 कंप्यूटर और इंटरएक्टिव पैनल से सुसज्जित है लैब

    महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सत्यभान यादव ने बताया कि 28 लाख रुपए की लागत से निर्मित आईसीटी लैब में इंटरएक्टिव पैनल सहित 21 कंप्यूटर उपलब्ध हैं। डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता, रचनात्मकता, नवाचार और शोध कौशल को बढ़ावा मिलेगा।

    उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ डिजिटल दक्षता विकसित करने का अवसर मिलेगा।

    कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्राएं रहीं मौजूद

    कार्यक्रम में महापौर सुमनलता अग्रवाल, सरस डेयरी अध्यक्ष नितिन सांगवान, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, उप महापौर अजय कुमार, प्राचार्य डॉ. सत्यभान यादव, पूर्व महापौर घनश्याम गुर्जर सहित सतीश यादव, सुरभि सैनी, जितेंद्र राठौड़, महेश निहलवानी, पं. जले सिंह, हेतराम यादव, जितेंद्र सैनी, जगदीश अटल और देवेंद्र रसगणिया सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here