ठाणे। मुंबई के पास ठाणे में पुलिस ने जिस्मफरोशी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए हिंदी टीवी सीरियल और वेब सीरीज से जुड़ी 35 वर्षीय एक अभिनेत्री को दलदल से बाहर निकाला है। जांच में सामने आया है कि मनोरंजन जगत में काम की तलाश कर रही महिलाओं को आर्थिक तंगी का फायदा उठाकर इस अवैध धंधे में धकेला जा रहा था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला आरोपी को दबोच लिया है।
एनजीओ की सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस को एक गैर-सरकारी संगठन से इस देह व्यापार गिरोह के संबंध में गुप्त जानकारी मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने मीरा-भायंदर रोड स्थित एक नामी होटल में फर्जी ग्राहक भेजकर संपर्क साधा। जैसे ही सौदा पक्का हुआ और आरोपी ने रकम ली, पुलिस ने तुरंत दबिश देकर आरोपी महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया और पीड़ित अभिनेत्री को सुरक्षित बचा लिया।
संघर्षरत कलाकारों को बनाते थे शिकार
जांच अधिकारियों के अनुसार, पकड़ा गया गिरोह खासकर ग्लैमर इंडस्ट्री, मॉडलिंग और टीवी धारावाहिकों में संघर्ष कर रही महिलाओं को अपने जाल में फंसाता था। मुक्त कराई गई अभिनेत्री को कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद मुंबई के एक वेलफेयर सेंटर भेज दिया गया है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस दर्ज कर रही मामला और तलाश जारी
पकड़ी गई महिला आरोपी छत्तीसगढ़ की निवासी है और फिलहाल मुंबई में रह रही थी। उस पर भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (पीटा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की विशेष टीमें इस रैकेट में शामिल उसके पुरुष साथी और अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं।


