More
    Homeराजस्थानजयपुरवाहनों की सुरक्षा जांच को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने की दिशा...

    वाहनों की सुरक्षा जांच को तकनीकी रूप से सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम – देवनानी

    जयपुर। राजस्थान विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, आधुनिक और तकनीक-संचालित बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने परिसर में स्थापित अंडर व्हीकल सर्विलांस सिस्टम (UVSS) का रिमोट से बटन दबाकर औपचारिक उद्घाटन किया। लोकसभा सचिवालय की तर्ज पर शुरू की गई इस प्रणाली के माध्यम से परिसर में प्रवेश करने वाले वाहनों की सुरक्षा जांच अब अधिक सटीकता और आसानी से हो सकेगी। उद्घाटन के दौरान अध्यक्ष ने अपग्रेड किए गए वायरलेस सेट व्यवस्था का भी जायजा लिया।

    एक करोड़ से अधिक की लागत से तीन द्वारों पर शुरू हुई प्रणाली

    विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि बूम बैरियर के माध्यम से संचालित होने वाली इस पूरी व्यवस्था पर लगभग ₹1.06 करोड़ की लागत आई है। इस अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली को राजस्थान विधानसभा के द्वार संख्या 6, 7 और 8 पर सक्रिय किया गया है। यह व्यवस्था परिसर में आने-जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों पर पैनी नजर रखने और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की समय रहते पहचान करने में बेहद कारगर साबित होगी।

    वाहनों के निचले हिस्सों की स्पष्ट जांच होगी संभव

    वासुदेव देवनानी ने कहा कि विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सामान्य तौर पर वाहनों के निचले हिस्से की सीधी जांच करना काफी कठिन होता है। इस आधुनिक तकनीक में विशेष कैमरों, इमेज कैप्चरिंग डिवाइस, हाई-टेक लाइटिंग, डिस्प्ले स्क्रीन और विश्लेषण सॉफ्टवेयर का प्रयोग किया गया है। इससे सुरक्षाकर्मियों को वाहन के निचले हिस्से का स्पष्ट दृश्य मिलेगा और वे बिना किसी अनदेखी के व्यवस्थित जांच कर सकेंगे।

    रिकॉर्ड सुरक्षा और अन्य सुरक्षा उपकरणों से एकीकरण

    इस प्रणाली की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह वाहनों की तस्वीरों, प्रवेश के समय और जांच विवरण के रिकॉर्ड को सुरक्षित रख सकती है, जिसे आवश्यकता पड़ने पर दोबारा देखा जा सकता है। UVSS को प्रवेश द्वारों पर मौजूद अन्य सुरक्षा प्रणालियों और निगरानी उपकरणों से भी जोड़ा गया है, जिससे समग्र सुरक्षा तंत्र और अधिक मजबूत होगा। उद्घाटन के इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के.के. शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here