बालक-बालिकाओं ने गरबा नृत्य और वेशभूषा से मोहा मन, सोमवार को पुरुषों-महिलाओं की स्पर्धा और विशेष महाआरती
भीलवाड़ा। श्री बाबाधाम में नवरात्रि महोत्सव के तहत रविवार को बालक-बालिकाओं की गरबा और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता श्रद्धा व उत्साह के साथ आयोजित हुई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक वेशभूषा और गरबा नृत्य से उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। अलग-अलग वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर मां के दरबार में सम्मानित किया गया और पुरस्कार प्रदान किए गए।
श्री बाबाधाम के अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में 11 से 20 अक्टूबर तक नवरात्रि महोत्सव मनाया जा रहा है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और शाम की महाआरती तथा गरबा आयोजन में भाग ले रहे हैं।
16 वर्ष से कम आयु के बच्चों ने लिया भाग
रविवार को आयोजित प्रतियोगिता में 16 वर्ष से कम उम्र के बालक-बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में गरबा नृत्य के साथ प्रतिभागियों की वेशभूषा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। चयनित प्रतिभागियों को मां के दरबार में सम्मानित कर पुरस्कार दिए गए।
आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में उत्साह का माहौल रहा। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ जुटी।
आज पुरुषों और महिलाओं की फैंसी ड्रेस गरबा प्रतियोगिता
श्री बाबाधाम के मीडिया एवं गरबा प्रभारी राजेश नैनावटी ने बताया कि सोमवार को 16 वर्ष से अधिक आयु के बालक-बालिकाओं के साथ पुरुषों और महिलाओं की गरबा प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें आकर्षक गरबा वेशभूषा और बेहतर नृत्य करने वाले प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा।
सोमवार को नवरात्रि महोत्सव का अंतिम गरबा आयोजन भी होगा। इस दौरान श्री बाबाधाम परिवार की फैंसी ड्रेस गरबा प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके बाद विशेष महाआरती का आयोजन किया जाएगा।
महाआरती में उमड़ रहे श्रद्धालु
नवरात्रि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन सुबह 7.15 बजे आरती की जाती है। इसके बाद सुबह 9.15 बजे श्री बाबाधाम के आचार्य गोविन्द गौतम और पंडितों के मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन एवं यज्ञशाला में आहुतियां दी जाती हैं। रविवार को विशेष हवन-पूजन के साथ श्री लक्ष्मी यज्ञ भी किया गया।
महोत्सव में प्रतिदिन माता का अलग-अलग विशेष श्रृंगार किया जा रहा है। शाम 7.15 बजे होने वाली महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं, जबकि रात 8 बजे गरबा नृत्य शुरू होता है।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
गरबा देखने आने वाले भक्तों के लिए बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है। आयोजकों के अनुसार, हर वर्ष गरबा आयोजन के दौरान मंदिर का पांडाल श्रद्धालुओं से भर जाता है और कई भक्त मंदिर के बाहर खड़े होकर भी कार्यक्रम का आनंद लेते हैं।
श्री बाबाधाम परिवार की ओर से धर्मप्रेमियों को नवरात्रि महोत्सव, गरबा प्रतियोगिता और विशेष महाआरती में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

