More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशपन्ना में बाघ की दस्तक से दहशत, बुजुर्ग पर हमले के बाद...

    पन्ना में बाघ की दस्तक से दहशत, बुजुर्ग पर हमले के बाद जंगल में सर्चिंग शुरू

    पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले अंतर्गत जरधोवा गांव में एक आदमखोर बाघ द्वारा बुजुर्ग पर जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 60 वर्षीय मलखान सिंह राजगौड़ अपने मवेशियों को चराने के लिए पास के जंगल की ओर जा रहे थे, तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। इस हिंसक हमले में वृद्ध की पीठ, चेहरे और घुटनों पर गंभीर चोटें आई हैं। गनीमत यह रही कि आसपास मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए शोर मचाया और बमुश्किल बाघ को खदेड़कर बुजुर्ग को मौत के मुंह से बाहर निकाला।

    लापरवाही को लेकर पन्ना टाइगर रिजर्व और वन विभाग के खिलाफ फूटा गुस्सा

    आवासीय क्षेत्र के करीब खूंखार बाघ की मौजूदगी से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गुस्साए ग्रामीणों ने पन्ना टाइगर रिजर्व और वन विभाग के मैदानी अमले पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हिंसक वन्यजीवों की लगातार आवाजाही के संबंध में पहले भी कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को सूचित किया गया था, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इस उपेक्षा के कारण अब ग्रामीणों की सुरक्षा पर गंभीर संकट मंडरा रहा है।

    घायल का अस्पताल में इलाज और हाथियों के दल के साथ बाघ की सर्चिंग चालू

    मामले की जानकारी मिलते ही पन्ना टाइगर रिजर्व के उप-निदेशक बीरेंद्र कुमार पटेल ने तुरंत वन कर्मियों की टीम को मौके पर रवाना किया। घायल बुजुर्ग को तत्काल नजदीकी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वन विभाग ने पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर दो हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इसके अतिरिक्त, इलाके में हाथियों के दल को तैनात कर सर्चिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है ताकि बाघ की लोकेशन का पता लगाकर उसे सुरक्षित रूप से गहरे जंगल की ओर खदेड़ा जा सके और भविष्य में ऐसी अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here