More
    Homeराजस्थानअलवरयुवाओं ने हिलाई दिल्ली, अब किसानों के मुद्दों पर जूली की हुंकार,भाजपा...

    युवाओं ने हिलाई दिल्ली, अब किसानों के मुद्दों पर जूली की हुंकार,भाजपा सरकार को घेरा

    अकाल, पानी, फसल के मुआवजे और समर्थन मूल्य पर सरकार से किए सवाल, बोले—मोदी को गुलदस्ते देने से नहीं, जनता के संकट दूर करने से चलेगी सरकार

    अलवर। पंचायती राज चुनाव के रण में नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। गांव-गांव पहुंचकर सभाओं और रैलियों के जरिए जूली ने किसानों, युवाओं और ग्रामीणों के मुद्दों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदेश सरकार पर अकाल, पानी की समस्या, फसल के समर्थन मूल्य और खराब फसल के मुआवजे को लेकर सवाल उठाए।

    ग्रामीण क्षेत्र में जनसभाओं में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जूली ने कहा कि युवाओं ने तो दिल्ली में अपना काम कर दिया, अब नंबर किसानों का है। उन्होंने आरोप लगाया कि सूट-बूट वाली सरकार में किसानों को न समय पर बीज मिल रहा है, न फसल का उचित समर्थन मूल्य और न ही फसल खराब होने पर पर्याप्त मुआवजा।

    जूली ने कहा कि खेती-किसानी से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उनका हमला केवल कृषि व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने ग्रामीण संकट को लेकर प्रदेश सरकार की तैयारियों पर भी सवाल खड़े किए।

    अकाल और पानी के संकट पर सरकार को घेरा

    जूली ने कहा कि प्रदेश में भजनलाल सरकार को सत्ता संभाले करीब तीन साल हो चुके हैं, लेकिन ग्रामीण इलाकों में अकाल और पानी के संकट से निपटने की तैयारियों को लेकर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संकट के समय सरकार को राहत, पेयजल आपूर्ति और किसानों की मदद के लिए ठोस इंतजाम करने चाहिए, लेकिन जमीनी स्तर पर पर्याप्त तैयारी नजर नहीं आ रही।

    नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जब पानी की किल्लत गंभीर हो जाती है, तब सरकारों को वैकल्पिक व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं। जरूरत पड़ने पर दूसरे राज्यों से पानी पहुंचाने के लिए रेलवे तक का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन राजस्थान में संकट से निपटने की तैयारी को लेकर सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

    भाजपा सरकार पर राजनीतिक तंज कसते हुए जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों को जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत और उन्हें गुलदस्ते भेंट करने में दिखाई देने वाली सक्रियता अगर जनता के संकट दूर करने में भी दिखाई दे, तो ग्रामीणों को राहत मिल सकती है।

    गांवों में स्वागत, वाहन रैली में दिखा उत्साह

    जनसंपर्क अभियान के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने जूली का स्वागत किया। लंबी वाहन रैली में युवाओं की भागीदारी और हाथों में कांग्रेस के झंडे लिए महिलाओं की मौजूदगी ने अभियान को चुनावी रंग दिया। स्वागत कार्यक्रमों के बीच जूली ने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाने के साथ स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।

    कांग्रेस के इस अभियान में जूली ने ग्रामीण मतदाताओं के बीच किसान, युवा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को उठाकर भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति अपनाई।

    छह गांवों में जनसंपर्क, कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए मांगा समर्थन

    टीकाराम जूली ने ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के छठी मील, चिकानी, केरवा जाट, खेड़ली सैय्यद, डुमेड़ा और पालका में जनसंपर्क कर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। इन गांवों में उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन मांगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here