More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में 4 करोड़ रुपये की नकदी पकड़ी गई, पिकअप के सीक्रेट...

    छत्तीसगढ़ में 4 करोड़ रुपये की नकदी पकड़ी गई, पिकअप के सीक्रेट चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे नोट

    दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग ज़िले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप गाड़ी से करीब 4 करोड़ रुपये कैश ज़ब्त किया है। पैसों को गाड़ी के अंदर बनाए गए एक सीक्रेट चैंबर में छुपाकर रखा गया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने चरोदा के पास गाड़ी को रोककर जब तलाशी ली, तो उसमें से नोटों के बंडल निकले। पुलिस ने ड्राइवर समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया है और आयकर विभाग (Income Tax) को भी इसकी जानकारी दे दी है।

    यूपी ले जाई जा रही थी भारी रक़म

    पुलिस को खबर मिली थी कि रायपुर के अभनपुर से भारी मात्रा में कैश पिकअप गाड़ी में लोड करके नागपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही दुर्ग एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर क्राइम ब्रांच की टीम एक्टिव हुई और संदिग्ध गाड़ी की तलाश शुरू कर दी।

    कुम्हारी टोल प्लाजा के पास से पीछा कर पकड़ा

    पुलिस ने कुम्हारी टोल प्लाजा के पास से संदिग्ध गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। इस दौरान एक शख्स गाड़ी से उतरकर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने पीछा जारी रखा और चरोदा के पास गाड़ी को घेरकर रोक लिया। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो शुरुआत में कुछ नहीं मिला, लेकिन गहराई से जाँच करने पर अंदर बने सीक्रेट चैंबर से नोटों के बंडल बरामद हुए।

    मशीन से गिनती में निकले 4 करोड़ रुपये

    ज़ब्त किए गए पैसों की गिनती नोट गिनने वाली मशीन से कराई गई, जिसमें कुल रक़म करीब 4 करोड़ रुपये निकली है। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ कर रही है कि यह पैसा किसका है, कहाँ से आया था और यूपी में किसे डिलीवरी देनी थी।

    हवाला कारोबार से जुड़े होने का शक

    सीक्रेट चैंबर में इतने पैसे छुपाकर ले जाने के तरीके को देखकर इसके हवाला कारोबार से जुड़े होने का शक जताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पूरी जाँच और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की रिपोर्ट आने के बाद ही इसका आधिकारिक खुलासा हो सकेगा।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here