More
    Homeराजस्थानजयपुरमंत्री किरोड़ीलाल मीणा की बहन बनीं सरपंच, चुनाव में कितने वोटों से...

    मंत्री किरोड़ीलाल मीणा की बहन बनीं सरपंच, चुनाव में कितने वोटों से मिली जीत?

    अलवर। अलवर ज़िले की खेरली-सौखर पंचायत समिति क्षेत्र की 24 ग्राम पंचायतों में चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही नई ग्रामीण सरकार की तस्वीर साफ हो गई है। रामपुरा ग्राम पंचायत से कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा की छोटी बहन ममता मीणा ने पहली बार चुनावी मैदान में उतरकर 261 मतों के अंतर से सरपंच पद पर जीत दर्ज की। परिणाम आते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में ज़बरदस्त उत्साह देखा गया।

    समूची ग्राम पंचायत में दर्ज हुई सबसे बड़ी जीत

    घोषित नतीजों में समूची ग्राम पंचायत से अंजली चौहान ने 1387 मतों के विशाल अंतर से जीत हासिल कर पूरे क्षेत्र में सबसे बड़ी सफलता दर्ज की। वहीं, खेरली रेल ग्राम पंचायत में प्रशांत सिंह ने लगातार दूसरी बार चुनाव जीतकर अपना दबदबा कायम रखा; उनकी जीत का अंतर 182 वोट रहा। इसके अलावा सौखर ग्राम पंचायत से हेमराज 757 मतों से, दांतिया से खुशबू सिसोदिया 563 मतों से और लाठकी नूनिया से शालिनी जाटव 525 मतों के अंतर से विजयी रहीं।

    अन्य पंचायतों के प्रमुख चुनावी नतीजे

    क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कांटे की टक्कर देखने को मिली। ढहरीन दातवाड़ से लीली देवी 518 वोट, खेड़ा कल्याणपुर से हेमराज मीणा 487 वोट, सौखरी से रमा देवी 411 वोट, नाटौज से ज्योति मीणा 305 वोट, घोसराना से मंगल राम मास्टर 280 वोट और डौरोली से संतोष सैनी 274 मतों के अंतर से सरपंच चुने गए। मंगोलाकी में देवेंद्र जाटव ने भी रामपुरा की तर्ज पर ठीक 261 वोटों से जीत हासिल की।

    कम अंतर से तय हुआ कई पंचायतों का परिणाम

    कुछ पंचायतों में हार-जीत का अंतर बेहद कम रहा। कटैहड़ा में जगदीश मीणा और सहजपुरा में रेखा कुमारी ने 35-35 मतों के अंतर से बाज़ी मारी। खौखर में सुमित्रा और बहरामपुर में वीरवती ने मात्र 34-34 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। गारू ग्राम पंचायत से आरती खंडेलवाल 74 मतों से विजयी रहीं। नए सरपंचों के निर्वाचन के साथ ही अब ग्रामीण इलाकों में मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की ज़िम्मेदारी तय हो गई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here