रामलीला मैदान में आवाज उठाएंगे कांग्रेस कार्यकर्ता, प्रकाश गंगावत ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
अलवर। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रविवार को दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित विरोध प्रदर्शन में राजस्थान सहित देशभर से कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने बताया कि अलवर से भी बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर कार्यक्रम में भाग लेंगे।
केंद्र सरकार पर लगाए लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर करने के आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना, रैली निकालना और अपनी आवाज उठाना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन सरकार विपक्ष की आवाज दबाना चाहती है।
गंगावत ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई केवल लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तक सीमित नहीं है। शिक्षा, बेरोजगारी और किसानों से जुड़े आमजन के मुद्दों को लेकर भी पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है। इन्हीं विषयों को लेकर दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस अपनी बात रखेगी।
भाजपा की रैली को लेकर भी उठाए सवाल
गंगावत ने शनिवार को अलवर में भाजपा की ओर से निकाले गए पदमार्च पर भी सवाल उठाए और उसे दिखावटी करार दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष का दायित्व सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना और जनहित के मुद्दों को सामने लाना है।
वरिष्ठ नेता पहले ही पहुंचे दिल्ली
गंगावत के अनुसार, कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। रविवार को रामलीला मैदान में होने वाले इस आयोजन में कांग्रेस और विपक्षी दलों के नेता तथा कार्यकर्ता जुटेंगे। पार्टी की ओर से इसे लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाने का मंच बताया जा रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


