मेरा युवा भारत, अलवर के तत्वावधान में खेरली में हुआ आयोजन, युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति किया जागरूक
खेरली। युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, अलवर के तत्वावधान में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026-27 का आयोजन विद्यास्थली शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय, खेरली में किया गया। जिला युवा अधिकारी नेहा जादून के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारियों एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में नशामुक्ति को लेकर विशेष चर्चा की गई तथा युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
नशामुक्त युवा ही राष्ट्र की असली ताकत
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और सामाजिक जीवन को प्रभावित करता है। युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं, ऐसे में उनका नशे से दूर रहना और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना बेहद आवश्यक है।
युवाओं से आह्वान किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में भी नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाएं। नशामुक्त युवा ही स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यास्थली शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के डायरेक्टर राजेश मीणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाजहित एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवा शक्ति को देश की प्रगति का आधार बताते हुए युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य रोहिताश यादव ने की। उन्होंने युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को प्राथमिकता देते हुए सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए। समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करने के लिए युवाओं की सक्रिय भूमिका आवश्यक है।
कार्यक्रम में वक्ता राजेश जैमन ने नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवाद, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की प्रक्रिया के महत्व को समझाया। उन्होंने युवाओं को सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, विचार व्यक्त करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है।
विद्यास्थली महाविद्यालय एवं अर्चना फाउंडेशन का रहा सहयोग
नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026-27 के आयोजन में विद्यास्थली शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय एवं अर्चना फाउंडेशन का सहयोग रहा। कार्यक्रम में छोटेलाल, मानसिंह, डॉ. माया मीणा, रामावतार, वीरेंद्र सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
दीपक बालोत ने युवाओं को नशामुक्ति, युवा नेतृत्व, लोकतांत्रिक सहभागिता एवं सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजन ने युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाने, नशे से दूर रहने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

