पहली साधारण सभा में सड़क, पार्किंग और खेल सुविधाओं के विकास पर चर्चा, हनुमान पहाड़ी के पास मैदान बनाने का प्रस्ताव
खैरथल। नगर परिषद खैरथल के नए बोर्ड की पहली साधारण सभा की बैठक सोमवार को सभापति विक्रम सिंह चौधरी की अध्यक्षता में नगर परिषद सभागार में हुई। बैठक में मुंडावर विधायक ललित यादव, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, उपसभापति सुमित रोघा और सभी 45 पार्षद मौजूद रहे। बैठक में शहर के विकास, सफाई, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, अतिक्रमण, पार्किंग और खेल सुविधाओं सहित नौ प्रमुख एजेंडों पर चर्चा की गई।
पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं और सुझाव रखे। महिला पार्षदों ने भी वार्डों से जुड़ी समस्याओं और महिलाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं की ओर ध्यान आकर्षित किया। बैठक में कुछ मुद्दों पर तीखी बहस और गहमागहमी भी हुई। बैठक के बाद सभापति ने शहर के विकास को लेकर प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी।
रेलवे स्टेशन से अग्रसेन चौक तक बदलेगा सड़क का स्वरूप
सभापति के अनुसार, रेलवे स्टेशन से अग्रसेन चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर डिवाइडर हटाकर आकर्षक रेलिंग लगाने की योजना है। रेलिंग पर रोशनी की व्यवस्था के साथ सड़क के दोनों ओर फैंसी लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि मार्ग को सुंदर और रोशन बनाया जा सके।
बाजार में पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई
शनि मंदिर से अंडरब्रिज तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई है। शेष अतिक्रमण भी हटाने की बात कही गई। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधा के लिए शनि मंदिर से मजदूर स्टैंड तक दोपहिया वाहनों का व्यवस्थित पार्किंग स्टैंड विकसित करने की योजना है। इससे बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों और यातायात की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
वेंडिंग और नॉन-वेंडिंग जोन होंगे निर्धारित
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और ठेला-रेहड़ी संचालकों को व्यवस्थित स्थान देने के लिए शहर में वेंडिंग और नॉन-वेंडिंग जोन तय करने की योजना है।
सभापति के मुताबिक, शनि मंदिर से अंडरब्रिज तक, फाटक से हेमू कॉलोनी चौक तक, हेमू कॉलोनी चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग और फाटक से अग्रसेन चौक तक के क्षेत्र को नॉन-वेंडिंग जोन में शामिल करने का प्रस्ताव है। वहीं, हेमू कॉलोनी चौक से पेट्रोल पंप तक, अग्रसेन चौक से आगे उपलब्ध सड़क किनारे के स्थानों और अंडरब्रिज से हरसौली रोड स्थित अंबेडकर चौक तक वेंडिंग जोन विकसित करने पर विचार किया जाएगा। अंबेडकर सर्किल पर रास्ता बाधित करने वाले ठेलों को हटाकर यातायात सुचारू करने की बात भी कही गई।
हनुमान पहाड़ी के पास खेल मैदान और रनिंग ट्रैक का प्रस्ताव
युवाओं की फिटनेस और खेल सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हनुमान पहाड़ी की ओर नगर परिषद की लगभग 6 से 7 बीघा भूमि पर खेल मैदान विकसित करने की योजना है। सभापति ने बताया कि पुलिस, सेना और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को दौड़ के लिए सड़कों का सहारा लेना पड़ता है। प्रस्तावित मैदान में रनिंग ट्रैक सहित शारीरिक तैयारी और फिटनेस से जुड़ी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।
घुमंतू परिवारों के लिए आवासीय भूखंडों पर विचार
किशनगढ़ रोड पर अंडरब्रिज और गंदे नाले के समीप रहने वाले गढ़िया लोहार घुमंतू परिवारों के लिए व्यवस्थित आवास उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। सभापति के अनुसार, आगामी बैठक या सरकारी योजनाओं के माध्यम से परिवारों को चिन्हित कर लगभग 50 गज के आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने के विकल्प देखे जाएंगे।
दीपावली पर बाजार की सजावट, नए शामिल गांवों पर भी ध्यान
सभापति ने बताया कि दीपावली पर मुख्य बाजार के मार्गों पर सजावट और रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। नगर परिषद में हाल ही में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात भी कही गई।
सभापति विक्रम सिंह चौधरी ने कहा कि उनका लक्ष्य खैरथल के सभी 45 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य करवाना, शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना तथा यातायात और अतिक्रमण की समस्या से राहत दिलाना है। उन्होंने ग्रेटर खैरथल की परिकल्पना को साकार करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने की प्रतिबद्धता जताई।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


