ठाणे। येऊर स्थित आश्रम रोड पर एक निजी बंगले में देर रात आयोजित कथित अवैध हैलोवीन पार्टी पर वर्तकनगर पुलिस ने अचानक छापेमारी कर बड़ा खुलासा किया है। घने जंगल के बीच तेज संगीत के साथ चल रही इस पार्टी में करीब 70 युवक-युवतियां मौजूद थे। पुलिस के अनुसार मौके से शराब की बोतलें और प्रतिबंधित ई-सिगरेट बरामद हुई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पार्टी में नाबालिगों की मौजूदगी का संदेह
इस कार्रवाई का सबसे गंभीर पहलू पार्टी में कई नाबालिग लड़के-लड़कियों के शामिल होने की आशंका है। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी लोगों की उम्र और अन्य विवरणों की पुष्टि के लिए उनका मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। फिलहाल बंगले के मालिक और पार्टी आयोजकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।
वन अधिकारियों को रिश्वत देने के आरोप की जांच
मामले में एक और चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब आयोजकों पर वन विभाग के कर्मचारियों को पैसे देकर अपनी गाड़ियाँ छुड़ाने का आरोप लगा। पुलिस इन आरोपों की भी गहराई से पड़ताल कर रही है। हालांकि, आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही इस संबंध में स्थिति साफ हो पाएगी।
येऊर में देर रात पार्टियों पर फिर उठे सवाल
येऊर का वन्य क्षेत्र और आसपास का इलाका देर रात होने वाली अवैध गतिविधियों, हुक्का पार्लरों और डीजे के शोर को लेकर अक्सर विवादों में रहता है। इस हैलोवीन पार्टी पर हुई छापेमारी के बाद स्थानीय निवासियों की शांति, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक दुधे ने बताया कि पार्टी की अनुमति, नाबालिगों की उपस्थिति और रिश्वत के आरोपों सहित पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है।


