भूपेंद्र यादव ने साप्ताहिक पत्र में साझा की विकास योजनाएं; मूसी महारानी की छतरी से शुरू होगा आयोजन, अलवर में 4 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भिवाड़ी में ग्रीन बेल्ट विकसित करने के लिए 39.95 लाख स्वीकृत
अलवर। केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेंद्र यादव ने अपने साप्ताहिक पत्र ‘एक पाती अलवर के नाम’ के माध्यम से जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देने के साथ अलवर के विकास, पर्यटन, खेल सुविधाओं और शहरी सौंदर्यीकरण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि धनतेरस, 6 नवंबर को मूसी महारानी की छतरी से अलवर टाइगर मैराथन के तीसरे संस्करण का शुभारंभ किया जाएगा। इस बार भी हिंदी फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा मैराथन के ब्रांड एंबेसडर के रूप में उपस्थित रहेंगे।
यादव ने पत्र में कहा कि अलवर की ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और वन्यजीवों की समृद्ध विविधता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना उनका उद्देश्य है। मूसी महारानी की छतरी अलवर की ऐतिहासिक धरोहर और स्थापत्य कला का अनुपम उदाहरण है। अरावली की गोद में स्थित यह स्मारक अलवर की गौरवशाली विरासत और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। टाइगर मैराथन के माध्यम से अलवर को पर्यटन और खेल के वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन के लिए मूसी महारानी की छतरी को भव्य रूप से सजाया जाएगा। इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजारों को भी ऐतिहासिक और पारंपरिक स्वरूप में सजाने की योजना है, ताकि दीपावली के अवसर पर अलवर की खूबसूरती और उत्सवी माहौल पर्यटकों एवं शहरवासियों को आकर्षित कर सके। उन्होंने अलवरवासियों से परिवार सहित बाजारों की सजावट देखने और इस आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की।
4 करोड़ की लागत से बनेगा आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
खेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर यादव ने बताया कि अलवर के हसन खां मेवाती नगर में 4 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किया जाएगा। लगभग 6,233 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस कॉम्प्लेक्स में इनडोर बैडमिंटन हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट और पिकलबॉल कोर्ट सहित अन्य आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से अलवर के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे। साथ ही शहर में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलेगा।
भिवाड़ी में 39.95 लाख से विकसित होगी ग्रीन बेल्ट
पत्र में भिवाड़ी के विकास से जुड़ी योजना की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि शहर में शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने और सड़क के आसपास के क्षेत्र को व्यवस्थित एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से स्टेट हाईवे-25 (SH-25) पर ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। इसके लिए 39.95 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। परियोजना के तहत ग्रीन बेल्ट के विकास एवं रखरखाव के साथ फुटपाथ और पार्किंग की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे क्षेत्र में हरियाली बढ़ने के साथ पैदल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा यातायात और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।
खेल संस्कृति और युवाओं को अवसर देना प्राथमिकता
यादव ने कहा कि जमीनी स्तर पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने से लेकर आधुनिक खेल अवसंरचना विकसित करने तक निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि अलवर के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि अलवर की विकास यात्रा में खेल, पर्यटन, ऐतिहासिक विरासत और नागरिक सुविधाओं का विस्तार महत्वपूर्ण प्राथमिकताएं हैं।
पत्र के अंत में उन्होंने जिलेवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अलवर का विकास सभी के सहयोग और विश्वास से ही संभव है। उन्होंने कामना की कि दीपावली का पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली लेकर आए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


