से नो टू प्लास्टिक अभियान के तहत वाहन रैली को दिखाई हरी झंडी, आमजन से दैनिक जीवन में जूट के थैले अपनाने की अपील
अलवर। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के उद्देश्य से वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने गुरुवार को एयू स्मॉल बैंक की ओर से संचालित से नो टू प्लास्टिक अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने आमजन को जूट से बने थैलों का वितरण किया तथा अभियान के अंतर्गत आयोजित वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पर्यावरण संरक्षण सभी की नैतिक जिम्मेदारी
वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति का संवर्धन हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है। इससे जीव-जंतुओं का जीवन भी संकट में पड़ता है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सरकार की ओर से प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को अपनी दैनिक दिनचर्या में प्लास्टिक के थैलों का इस्तेमाल कम करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए।
जूट के थैलों को अपनाने की अपील
संजय शर्मा ने आमजन से अपील की कि वे बाजार में खरीदारी सहित दैनिक कार्यों के दौरान प्लास्टिक से बने थैलों के स्थान पर जूट से बने थैलों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे व्यक्तिगत प्रयास भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जूट के थैलों का वितरण कर लोगों को प्लास्टिक के विकल्प के प्रति जागरूक किया गया। वहीं वाहन रैली के माध्यम से भी आमजन तक प्लास्टिक का उपयोग छोड़ने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने का संदेश पहुंचाया गया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क



