योग संस्थान के वार्षिकोत्सव पर महापौर सुमनलता अजय अग्रवाल ने सुनीं क्षेत्रवासियों की समस्याएं, सफाई, जल निकासी और सुलभ शौचालय सहित सुविधाएं जल्द विकसित करने का दिया आश्वासन
अलवर। सुभाष नगर योग संस्थान के सफल संचालन के दो वर्ष पूर्ण होने और दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में गुरुवार को दीपावली मिलन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे नियमित योगाभ्यास से हुई। इसके बाद सुबह 7 बजे दीप प्रज्वलन के साथ मुख्य समारोह का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में नगर निगम अलवर की महापौर सुमनलता अजय अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान योग, सामाजिक सद्भाव और सुभाष नगर की नागरिक समस्याओं को लेकर चर्चा हुई।
दीप प्रज्वलन के साथ समारोह का शुभारंभ
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड 48 की पार्षद नेहा मनचंदा, सुभाष नगर योग संस्थान के संरक्षक एवं मित्तल हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. एस.सी. मित्तल, पूर्व पार्षद पुरुषोत्तम मनचंदा, भारतीय योग संस्थान के संरक्षक आनंद अग्रवाल, खंडेलवाल शिक्षा समिति के अध्यक्ष नारायण बजरगान, सुभाष नगर विकास समिति के अध्यक्ष नेमीचंद गुप्ता और अल्का मित्तल उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। सभी अतिथियों का शॉल और मालाओं से स्वागत किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्लॉट नंबर 142, मित्तल हॉस्पिटल के पास, अलवर में किया गया।
डॉ. मित्तल ने उठाईं सुभाष नगर की नागरिक समस्याएं
योग संस्थान के संचालक एवं संरक्षक डॉ. एस.सी. मित्तल ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों और उपस्थित लोगों का अभिनंदन किया तथा दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सुभाष नगर की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं की ओर महापौर का ध्यान आकर्षित किया।
डॉ. मित्तल ने बताया कि क्षेत्रवासी पिछले 25 वर्षों से अधिक समय से बुनियादी समस्याओं की अनदेखी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने खुले में शौच, मृत पशुओं को खुले में छोड़ने और सफाई व्यवस्था जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए इनके स्थायी समाधान की मांग की।
उन्होंने कहा कि सुभाष नगर योग संस्थान पिछले दो वर्षों से नियमित योगाभ्यास के माध्यम से लोगों को स्वस्थ, निरोगी और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है।
महापौर का आश्वासन, सुभाष नगर में होगा विकास
महापौर सुमनलता अजय अग्रवाल ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि सुभाष नगर की समस्याओं की अनदेखी नहीं होगी और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए जल्द काम शुरू करवाए जाएंगे।
उन्होंने नियमित सफाई, नालियों के पानी की उचित निकासी, सुलभ शौचालय और बड़े कूड़ेदान की व्यवस्था सहित जरूरी सुविधाएं विकसित करने का आश्वासन दिया। साथ ही कार्यों की नियमित निगरानी करने की बात भी कही।
महापौर ने क्षेत्रवासियों से स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि लोग खुले में कचरा नहीं डालें और यदि कोई ऐसा करता दिखाई दे तो इसकी शिकायत नगर निगम तक पहुंचाएं। उन्होंने डॉ. मित्तल का कार्यक्रम में आमंत्रित करने और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराने के लिए आभार व्यक्त किया।
योग के साथ सामाजिक एकता का संदेश
कार्यक्रम के अंत में योगाचार्य नरेंद्र गुप्ता ने सभी अतिथियों और उपस्थित योग प्रेमियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि संस्थान के माध्यम से पिछले दो वर्षों में योग प्रेमियों और क्षेत्रवासियों के बीच आपसी सद्भाव, स्नेह, सहयोग और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।
समारोह के अंतिम चरण में सभी ने अंकुरित आहार के अल्पाहार का आनंद लिया। मंच संचालन भारतीय योग संस्थान के विवेक ने किया।
कार्यक्रम में डॉ. एस.सी. मित्तल, अल्का मित्तल, डॉ. महेश जैन, सुनीता जैन, संतोष मामोडिया, नरेंद्र जसोरिया, इंजीनियर सुभाष जोशी, शिखा, नरेंद्र गुप्ता, रमेश गुप्ता, संजय अग्रवाल, विवेक, कैलाश, गिर्राज, दिव्या, बबीता, पुष्पा विनायक, मंजू अग्रवाल, अनिल डंगाएच, अशोक खंडेलवाल, डॉ. अनुभव मेठी, नरेश गोयल, बृजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क



