More
    Homeराजस्थानजयपुरपिता की हत्या का जिक्र कर बेटे को दी धमकी, हिस्ट्रीशीटर के...

    पिता की हत्या का जिक्र कर बेटे को दी धमकी, हिस्ट्रीशीटर के ताने से भड़की रंजिश

    जयपुर। पिता की हत्या का बदला लेने की आग सात साल तक सीने में सुलगती रही। बुधवार सुबह मिले एक ताने ने इस चिंगारी को भड़का दिया और महज कुछ ही घंटों के भीतर पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम सामने आ गया। राजधानी के करधनी थाना क्षेत्र स्थित जगदम्बा नगर में हमलावरों ने विजय चौधरी उर्फ विजय बाजिया के वाहन को टक्कर मारकर रोका और कुल्हाड़ियों से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही वारदात में प्रयुक्त किराए की कैम्पर गाड़ी भी जब्त की गई है।

    बीटेक पास युवक चला रहा था '7007' नाम की गैंग

    अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. रामेश्वर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनीश गोल्या उर्फ जग्गू, कमलेश गोल्या उर्फ कमल, युवराज चौधरी और दिनेश चौधरी उर्फ दीनू शामिल हैं। इनमें से मुख्य आरोपी अनीश ने एक निजी विश्वविद्यालय से बीटेक की पढ़ाई की है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इन युवकों ने '7007' नाम से अपना एक गिरोह बना रखा था। फिलहाल पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और इस गैंग की अन्य संदिग्ध गतिविधियों की गहनता से जांच कर रही है।

    सुबह के ताने के बाद दोपहर में रची हत्या की साजिश

    पुलिस पूछताछ के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मुख्य आरोपी अनीश के पिता कैलाश गोल्या की 12 नवंबर 2019 को हत्या कर दी गई थी, जिसमें विजय बाजिया का नाम जुड़ा था। उस वक्त अनीश महज 15 वर्ष का था और तभी से उसके मन में बदले की भावना पनप रही थी। बुधवार सुबह करीब 11 बजे जब अनीश अपने चचेरे भाई कमलेश के साथ तिबारिया गांव में ग्वार बेचने जा रहा था, तभी रास्ते में विजय से उसका आमना-सामना हो गया। आरोप है कि विजय ने अनीश को उसके पिता की हत्या का ताना मारते हुए धमकी दी। इससे आक्रोशित होकर अनीश ने अपने साथी युवराज और दिनेश को बुलाया और दोपहर करीब दो बजे चारों ने मिलकर हत्या की पूरी योजना तैयार कर ली।

    हथियार खरीदे और सोशल मीडिया से जुटाई लोकेशन

    डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के मुताबिक, साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने 750 रुपये में तीन कुल्हाड़ियां और 180 रुपये में उनके हत्थों के लिए बांस खरीदा। अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से उन्होंने काले शीशों वाली एक कैम्पर गाड़ी किराए पर ली। इसके बाद आरोपी युवराज ने सोशल मीडिया स्टेटस के माध्यम से विजय और उसकी गाड़ी की तस्वीरें हासिल कीं और उसी के आधार पर उसका पीछा करते हुए इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया।

    गूगल मैप की लोकेशन ने पहुंचाया सलाखों के पीछे

    वारदात को अंजाम देने के बाद चारों आरोपी शहर में हुई नाकाबंदी के कारण इधर-उधर भटकते रहे। शहर से बाहर निकलने का रास्ता खोजने के लिए एक आरोपी ने अपना मोबाइल फोन ऑन कर गूगल मैप का इस्तेमाल किया। चूंकि पुलिस पहले से ही संदिग्धों की तकनीकी निगरानी कर रही थी, इसलिए मोबाइल लोकेशन सक्रिय होते ही टीम को सुराग मिल गया। इसके आधार पर पुलिस ने रात करीब डेढ़ बजे करधनी थाने के नजदीक से चारों आरोपियों को दबोच लिया। मृतक के भाई बजरंग की शिकायत पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here