नागपुर। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भारी भीड़, ट्रेनों के आवागमन की लगातार होती घोषणाएं और इसी बीच लाउडस्पीकर पर गूंजते छठी मैया के मधुर गीत। महापर्व छठ पर अपने घर लौटने की उमंग के बीच नागपुर रेलवे स्टेशन का माहौल इन दिनों कुछ ऐसा ही भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना हुआ है। खचाखच भरी ट्रेनों में सफर कर रहे और प्लेटफॉर्म पर प्रतीक्षा कर रहे बिहार तथा उत्तर भारत के यात्रियों को ये पारंपरिक गीत सुकून और अपनत्व का एहसास करा रहे हैं। दूसरी ओर, त्योहारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था की भी कड़ी निगरानी की जा रही है।
प्रारंभिक स्टेशनों से ही फुल होकर आ रही हैं प्रमुख ट्रेनें
नागपुर से होकर पटना, दानापुर, गया, गोरखपुर, लखनऊ और प्रयागराज की दिशा में जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की आवाजाही सामान्य दिनों के मुकाबले कई गुना बढ़ गई है। चूंकि इनमें से कोई भी ट्रेन नागपुर से बनकर नहीं चलती, इसलिए ये सभी अपने प्रारंभिक स्टेशनों से ही पूरी तरह भरी हुई आ रही हैं। इन प्रमुख गाड़ियों में बेंगलुरु-पटना हमसफर एक्सप्रेस, पूर्णा-पटना एक्सप्रेस, एर्नाकुलम-पटना सुपरफास्ट, बागमती एक्सप्रेस, बेंगलुरु-दानापुर सुपरफास्ट और संघमित्रा एक्सप्रेस शामिल हैं। इसके अतिरिक्त गया जाने वाली लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गया सुपरफास्ट और दीक्षाभूमि एक्सप्रेस के साथ ही उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली चार्लापल्ली-गोरखपुर, यशवंतपुर-गोरखपुर, चेन्नई-लखनऊ एक्सप्रेस, यशवंतपुर-लखनऊ एक्सप्रेस और श्रद्धा सेतु सुपरफास्ट जैसी ट्रेनों में भी यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
भीड़ नियंत्रण के लिए बढ़ाई गई आरपीएफ की तैनाती
बिहार और उत्तर भारत की ओर जाने वाली अधिकांश गाड़ियां नागपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक से होकर गुजरती हैं। दिवाली के बाद और छठ पर्व शुरू होने के शुरुआती तीन दिनों में इस प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की जबरदस्त रेलमपेल देखने को मिल रही है। किसी भी संभावित दुर्घटना को टालने के लिए रेलवे सुरक्षा बल ने चौकसी बढ़ा दी है। मध्य रेल नागपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि स्टेशन पर नागपुर पोस्ट के अलावा 16 से 20 अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है और सभी कर्मियों की ड्यूटी आठ घंटे से बढ़ाकर 12-12 घंटे कर दी गई है। चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने के दौरान यात्रियों के गिरने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए बल के जवान लगातार गश्त कर पैनी नजर रख रहे हैं।
छठ के पारंपरिक गीतों से दूर हो रही सफर की थकान
रेलवे स्टेशन के उद्घोषणा तंत्र पर जब कांच ही बांस के बहंगिया, उग हे सूरज देव और केलवा के पात पर उगेलन सुरजमल जैसे लोकप्रिय लोकगीत बजते हैं, तो इंतजार कर रहे यात्रियों के चेहरे खिल उठते हैं। महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के राज्यों में रह रहे प्रवासी परिवारों के लिए ये गीत अपनी मिट्टी, गांव और संस्कृति से जुड़ने का माध्यम बन रहे हैं। ट्रेन की प्रतीक्षा में बैठे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के बीच इन गीतों की गूंज उनकी थकान और बेचैनी को कम कर रही है। रेलवे की इस अनूठी पहल के दौरान आवश्यक रेल घोषणाओं को भी बिना किसी बाधा के प्रसारित किया जा रहा है, जिससे घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर बैठे यात्रियों को स्टेशन पर ही अपने गांव जैसा एहसास हो रहा है।


