More
    Homeधर्म-समाजबदरीनाथ धाम के कपाट बंद होते ही चारधाम यात्रा संपन्न, आज पांडुकेश्वर...

    बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होते ही चारधाम यात्रा संपन्न, आज पांडुकेश्वर जाएंगे भगवान बदरी विशाल

    भव्य पुष्पमालाओं से सुसज्जित भू-बैकुंठ श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर, सोमवार की रात शीतकाल के लिए विधि-विधानपूर्वक बंद कर दिए गए हैं। कपाट बंद होने की इस पावन प्रक्रिया के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा का आधिकारिक रूप से समापन हो गया है। रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर जब मुख्य कपाट बंद किए गए, तब मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। भक्तों ने भगवान बदरी विशाल के अंतिम दर्शन किए और पूरे धाम में जय बदरी विशाल के जयकारे गूंज उठे। अब अगले छह महीनों तक भगवान बद्री विशाल अपने शीतकालीन प्रवास में विराजमान रहेंगे।

    पंच पूजा के साथ संपन्न हुए धार्मिक अनुष्ठान

    शीतकालीन बंदी से पूर्व विश्व प्रसिद्ध बद्रीनाथ धाम में 12 नवंबर से पारंपरिक 'पंच पूजा' का शुभारंभ हो गया था। वार्षिक समापन अनुष्ठानों के तहत 12 नवंबर को सबसे पहले भगवान गणेश के मंदिर के कपाट बंद किए गए और इसके बाद आगामी दिनों में विभिन्न देवी-देवताओं की विशेष पूजा-अर्चना की गई। पंच पूजा के समस्त वैदिक अनुष्ठान पूर्ण होने के उपरांत ही मुख्य मंदिर के कपाट बंद किए गए। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति द्वारा इस संपूर्ण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं।

    पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान करेगी देव डोलियां

    कपाट बंद होने के अगले दिन यानी 17 नवंबर को भगवान बद्री विशाल और अन्य देवी-देवताओं की पालकियां अपने-अपने शीतकालीन प्रवास स्थलों के लिए रवाना होंगी, जिसके साथ ही शीतकालीन तीर्थयात्रा की व्यवस्थाएं प्रारंभ हो जाएंगी। भगवान बदरी विशाल की पालकी पांडुकेश्वर की ओर प्रस्थान करेगी, वहीं उनके साथ भगवान उद्धव, भगवान कुबेर और आदि गुरु शंकराचार्य की पवित्र मूर्तियां भी पालकियों में विराजमान होकर अपने निर्धारित शीतकालीन प्रवास स्थलों के लिए निकलेंगी। ये सभी धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के रावल, धर्माधिकारी और आचार्यों द्वारा मंदिर समिति एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न कराए जाएंगे। उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित बद्रीनाथ धाम चारधाम और छोटा चारधाम यात्रा का एक अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here