15 में से 10 सीटें जीतकर कांग्रेस ने बनाया स्पष्ट बहुमत, भाजपा को मिलीं 3 और निर्दलीयों ने जीतीं 2 सीटें; 27 नवंबर को होगा प्रधान का चुनाव
नौगांवा। नवगठित मुबारिकपुर पंचायत समिति के पहले चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम किया है। 15 वार्डों वाली पंचायत समिति में कांग्रेस ने 10 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं भाजपा को महज 3 सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि 2 सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। चुनाव परिणामों के बाद अब सभी की नजरें प्रधान पद के चुनाव पर टिक गई हैं। पहली बार गठित हुई पंचायत समिति को पहला प्रधान कौन मिलेगा, इसे लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
10 सीटों के साथ कांग्रेस मजबूत
मुबारिकपुर पंचायत समिति में कांग्रेस ने 10 सीटें जीतकर प्रधान पद की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। भाजपा के लिए अब विपक्ष की भूमिका निभाने की चुनौती है। हालांकि दो निर्दलीय प्रत्याशियों की जीत ने भी राजनीतिक समीकरणों को चर्चा में ला दिया है। बहुमत के आंकड़ों को देखते हुए कांग्रेस का प्रधान बनना लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन पार्टी किस चेहरे पर दांव लगाएगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
दीनू खान की जीत रही सबसे बड़ी
चुनाव में सबसे बड़ी जीत वार्ड संख्या 2 से कांग्रेस प्रत्याशी दीनू खान के नाम रही। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी जिउल हक को 1662 मतों से हराया। इसी तरह वार्ड 3 में कांग्रेस की मनजीत कौर ने 1205 मतों से और वार्ड 12 में कांग्रेस के अरबाज ने 1248 मतों से जीत दर्ज की। वार्ड 10 में कांग्रेस की रुकसार खान ने 1084 मतों से जीत हासिल की। वहीं भाजपा के लिए वार्ड 14 से शिखा यादव ने 1015 मतों से जीत दर्ज कर राहत दी।
कहीं कांटे की टक्कर, कहीं निर्दलीयों का जलवा
चुनाव में कुछ वार्डों में कड़ा मुकाबला देखने को मिला। वार्ड 11 में भाजपा की ओमवती ने कांग्रेस की पूजा को मात्र 123 मतों से हराया। वहीं वार्ड 5 में कांग्रेस के युनुस ने भाजपा के सोराब खान को 134 मतों से शिकस्त दी।
निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपनी ताकत दिखाई। वार्ड 6 में सुशीला ने 653 मतों से और वार्ड 13 में रामेश्वर ने 175 मतों से जीत दर्ज की।
25 से 28 नवंबर तक होंगे प्रमुख पदों के चुनाव
पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव का अगला चरण भी काफी अहम रहेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को जिला प्रमुख, 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव होगा। जिला परिषद के वार्ड 39 से कांग्रेस के नसरू खान और वार्ड 38 से कांग्रेस की ज्योति वर्मा ने जीत दर्ज की है। अब निर्वाचित सदस्य जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान का चुनाव करेंगे।
कांग्रेस के फैसले पर टिकी निगाहें
मुबारिकपुर पंचायत समिति में कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत होने के कारण प्रधान पद पर उसका दावा मजबूत है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पार्टी किस दावेदार को प्रधान पद का चेहरा बनाएगी। पहली बार गठित पंचायत समिति को पहला प्रधान मिलने जा रहा है। ऐसे में यह चुनाव न केवल कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा का विषय है, बल्कि क्षेत्र की आगामी राजनीतिक दिशा भी तय करेगा।

