More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशबांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 105 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास...

    बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 105 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास को किया विफल

    भोपाल : बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर क्षेत्र में वन्यप्राणियों के प्राकृतिक आवास की सुरक्षा के लिए वन विभाग ने संयुक्त अतिक्रमण-रोधी कार्रवाई करते हुए लगभग 105 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण के प्रयास को विफल कर दिया। इस दौरान वन भूमि पर घास-फूस, लकड़ियों, लैंटाना और कपड़ों आदि से बनाए गए 103 अस्थायी टप्परों को हटाया गया।

    वन सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत 20 नवंबर को क्षेत्र संचालक एवं उप संचालक के निर्देशानुसार सहायक संचालक पनपथा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। इसमें वन, राजस्व एवं पुलिस विभाग के 75 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। संयुक्त दल में वन परिक्षेत्र अधिकारी पनपथा बफर, नायब तहसीलदार खितौली, इको विकास समिति बम्हौरी के अध्यक्ष श्री सुमंत गोस्वामी, पुलिस थाना बरही एवं पुलिस चौकी खितौली का महिला एवं पुरुष पुलिस बल, ग्राम पंचायत जगुवा के सरपंच तथा महिला वनकर्मियों सहित वन विभाग का अमला शामिल रहा।

    संयुक्त दल ने वन परिक्षेत्र पनपथा बफर के बीट जगुवा के कक्ष क्रमांक RF 507 में ग्राम दुन्दहा टोला एवं टिकुरी टोला की महिलाओं द्वारा लगभग 70 हेक्टेयर, बीट खितौली के कक्ष क्रमांक RF 500 में ग्राम बम्हौरी की महिलाओं द्वारा लगभग 20 हेक्टेयर तथा बीट मिडरा के कक्ष क्रमांक RF 487 में ग्राम मिडरा के नयागांव में महिलाओं एवं पुरुषों द्वारा लगभग 15 हेक्टेयर वन भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण के प्रयास को विफल किया।

    कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर, श्रमिकों एवं वन विभाग के कर्मचारियों की सहायता से तीनों स्थानों पर बनाए गए कुल 103 अस्थायी टप्परों को हटाया गया। मौके पर उपस्थित महिलाओं को राजस्व, पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों तथा ग्राम पंचायत जगुवा के सरपंच द्वारा समझाइश दी गई। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

    बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि वन्यप्राणियों के प्राकृतिक आवास एवं वन क्षेत्रों की सुरक्षा तथा अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here